नदियों का जलस्तर बढ़ा, बाढ़ का खतरा
जिले में रुक-रुक कर हो रही लगातार बारिश और नेपाल से पानी छोड़े जाने के बाद जिले में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है।
बेतिया। जिले में रुक-रुक कर हो रही लगातार बारिश और नेपाल से पानी छोड़े जाने के बाद जिले में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। गंडक, सिकरहना, पिड़ारी, ओरियारी सहित कई नदियां उफान पर है। पहाड़ी नदियों में भी जलस्तर बढ़ गया है। हालांकि ये नदियां अभी खतरे के निशान को पार नहीं की है। नदियों के किनारे रहने वाले लोगों में बाढ़ का भय सताने लगा है। वे संभावित बाढ़ के मद्देनजर अपने कीमती सामान को सुरक्षित ठिकाने पर पहुंचाने की योजना बनाना शुरू कर दिए है। लगातार बारिश ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। बेतिया, नरकटियागंज के शहरी इलाके पानी-पानी हो गए है। शहर में जलजमाव से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। योगापट्टी के दियरावर्ती इलाके में बारिश के पानी के तेज बहाव में पूर्व में बनाए गए चचरी के कुछ पुल ध्वस्त हो गए है। इस कारण योगापट्टी प्रखंड के आधे दर्जन गांव का सड़क संपर्क भंग हो गया है। कहीं से बांध टूटने व जान माल की क्षति की सूचना नहीं है।