धूप निकलने से ठंड से मिली राहत, लोगों में दिखी गर्मी
बगहा । मौसम में बदलाव इस ठंड में खूब देखने को मिल रहा है। शुक्रवार को खिली धूप के बाद से सर्दी में कमी आई।
बगहा । मौसम में बदलाव इस ठंड में खूब देखने को मिल रहा है। शुक्रवार को खिली धूप के बाद से सर्दी में कमी आई। वहीं लोगों में गर्माहट भी दिखाई दी। सुबह से ही धूप खिल जाने से बाजार में भी चहल पहल दिखाई दी। कई दिनों से शीतलहर व ठंड के कारण घरों से नहीं निकल रहे लोग भी नगर में पहुंच गए। वहीं अन्य दिनों की तरह लोगों के पास भारी भरकम गर्म कपड़े भी नहीं दिखे। मौसम बदलने से नगर के दुकानों पर भी ग्राहक दिखाई दिए। अलाव की जरूरत भी महसूस नहीं हुई। तापमान बढ़ने से गर्मी अधिक महसूस हुई। मौसम विभाग के सूत्रों की मानें तो पिछले वर्ष के साथ दो तीन वर्षों पहले तक जनवरी में इस तरह की ठंड नहीं पड़ी थी। इस बार इसका अच्छा खासा प्रभाव दिख रहा है। हालांकि अभी आने वाले समय में बूंदाबूंदी व हल्की बारिश की संभावना है। वहीं पारा भी नीचे गिर सकता है। उल्लेखनीय है कि बीते 15 जनवरी से ही क्षेत्र में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। जिससे आम लोग परेशान हैं। सर्द पछिया हवा के कारण लोगों का बाहर निकलना मुश्किल हो गया था। पूरे दिन धूप नहीं निकलने से लोग अलाव के सहारे बैठे रहते हैं। ठंड व सर्दी से बच्चे व बुजुर्ग सबसे अधिक प्रभावित हुए हैं। जिनको घर से नहीं निकलने दिया जा रहा हैं। शुक्रवार का अधिकतम तापमान 22 व न्यूनतम तापमान आठ डिग्री दर्ज किया गया है। जो अन्य दिनों से दो डिग्री अधिक है। इधर मौसम सही होने के बाद से खेत में लगे रबी फसलों की स्थिति भी सुधरने की संभावना बन रही है। प्रभारी बीएओ प्रदीप कुमार तिवारी ने बताया कि मौसम में सुधार होगा। रविवार को हल्की बारिश की आशंका है। पर, इससे गेहूं के साथ अन्य फसलों को फायदा होगा। उसके बाद से मौसम साफ होने की संभावना है। बता दें कि क्षेत्र में ठंड का मुख्य समय 15 दिसंबर से 15 जनवरी तक माना जाता है। पर, इस बार 15 जनवरी के बाद से इसका असर दिख रहा है।