समर्थकों की गहमागहमी के बीच हुई पैक्स चुनाव की मतगणना
बगहा। पैक्स चुनाव के मतगणना का कार्य बुधवार को शांतिपूर्ण माहौल में सुबह के सात बजे से ही आरंभ हो गया।
बगहा। पैक्स चुनाव के मतगणना का कार्य बुधवार को शांतिपूर्ण माहौल में सुबह के सात बजे से ही आरंभ हो गया। दस बजे तक नतीजे भी आने लगें। जिसके बाद से गहमागहमी शुरू हो गई। हालांकि रामनगर प्रखंड मुख्यालय के प्रवेश द्वार पर हीं समर्थकों को रोक दिया गया। जिसके कारण ये अंदर तो नहीं जा सकें। पर प्रत्याशियों के द्वारा मोबाइल से दिए गए मतगणना के रूझानों पर बाहर शोर शराबा होता रहा। सुबह के पहले चरण के नतीजों में बगही के पैक्स अध्यक्ष के पद पर पुराने अध्यक्ष अशोक यादव ने अपनी तीसरी बार जीत दर्ज की। उन्होनें अपने निकटतम प्रतिद्वंदी भूषण तिवारी को हराया। इसके अलावा मनचंगवा से सुरेन्द्र मिश्रा, भावल से अशोक सिंह, जोगिया से दिलशाद अहमद आदि नए चेहरों ने इस चुनाव में विजय प्राप्त की। पैक्स चुनाव के लिए प्रतिनियुक्त प्रेक्षक सह मुजफ्फरपुर ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता रामचंद्र राम के देखरेख में हुए इस मतगणना के बाद सभी विजयी उम्मीदवारों को चुनाव का प्रमाण पत्र दिया गया। निर्वाची पदाधिकारी विनोद मिश्रा, एआरओ शंभू नाथ गुप्ता, रवि कुमार के साथ पुलिस निरीक्षक सह थानाध्यक्ष अभिनंदन कुमार सिंह भी मतगणना कक्ष में मौजूद थे। इधर इसको लेकर भारी संख्या में पुलिस के जवान व पुलिस के अधिकारी भी प्रखंड परिसर में उपस्थित थें। हालांकि संवाद प्रेषण तक नौ पैक्सों के नतीजे घोषित कर दिए गएं हैं। जबकि तौलाहा की गिनती का कार्य जारी है।
बता दें कि कुल 13 पैक्सों में से तीन पर पहले हीं अध्यक्ष निर्विरोध हुए हैं। जिसमें गुदगुदी से राकेश राय, बनकटवा करमहिया से देवनारायण काजी व नौरंगिया से इंद्रमणि प्रसाद शामिल हैं
कहीं जीतने की खुशी तो कहीं हार का गम
प्रखंड के दस पैक्सों के लिए हुए इस चुनाव में कई पुराने अध्यक्षों को हार का सामना करना पड़ा है। इधर पहली बार विजयी हुए प्रत्याशियों के खेमे में जश्न का माहौल रहा। हारने वाले प्रत्याशी चुपचाप मतगणना कक्ष से बाहर निकल गएं। बाहर विजयी अध्यक्षों को उनके समर्थकों ने फूलमाला पहनाकर व गुलाल लगाकर स्वागत किया। इस दौरान मिठाईयों का दौर भी खूब चला।
बयान :
पारदर्शी व निष्पक्ष तरीके से मतगणना का कार्य हुआ। विजयी उम्मीदवारों को प्रमाण पत्र दे दिया गया है। इसके लिए सभी अधिकारी व कर्मी बधाई के पात्र हैं।
रामचंद्र राम, प्रेक्षक पैक्स चुनाव
बयान
सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण ढंग से मतगणना का कार्य पूरा हुआ है। अध्यक्ष पद के नतीजे घोषित कर दिए गएं हैं। प्रबंध समिति के मतों की गिनती चल रही है।
विनोद मिश्रा, आरओ