एसडीआरएफ की टीम बगहा पहुंची, किशोर की तलाश जारी
बगहा। नगर के वार्ड संख्या 16 शास्त्रीनगर मोहल्ले में गंडक नदी में डूबे चार किशोरों में दो क
बगहा। नगर के वार्ड संख्या 16 शास्त्रीनगर मोहल्ले में गंडक नदी में डूबे चार किशोरों में दो को किसानों ने बचा लिया। जबकि दो में से एक का शव शुक्रवार की सुबह बरामद हुआ। अभी एक किशोर लापता है। लापता किशोर के शव की तलाश जारी है। घटना के चौथे दिन मुजफ्फरपुर से एसडीआरएफ के दस सदस्य शनिवार को बगहा पहुंचे। टीम ने पारस नगर घाट से लापता किशोर की खोजबीन शुरू कर दी। अंचलाधिकारी उदय शंकर मिश्र एवं नगर थानाध्यक्ष आनंद कुमार सिंह ने बताया कि पारस नगर घाट से लेकर गोडियापट्टी, रामधाम मंदिर, दीनदयाल नगर, रतनमाला, पुअर हाउस, चखनी रजवटिया होते हुए रतवल घाट तक गंडक नदी में शव की तलाश की जा रही है। दूसरी ओर, प्रशासनिक महकमे के द्वारा शव की तलाश में बरती जा रही लापरवाही से लोग आक्रोशित हैं। अधिकारियों ने कहा कि गोताखोरों की मदद से शव की तलाश की जा रही थी। अब, एसडीआरएफ की टीम बगहा पहुंच चुकी है। तीन बहनों का इकलौता भाई था अभिषेक :
रामनगर थाना के रामनगर नेपाली टोला निवासी अभिषेक राज तीन बहनों का इकलौता भाई था। जो अबतक लापता है। मां रिकी देवी, पिता अमित श्रीवास्तव, बहन प्रिया, वर्षा व साक्षी का रो-रो कर बुरा हाल है। अभिषेक अपने मामा सुनील कुमार श्रीवास्तव के घर शास्त्रीनगर आया था। अपने ममेरे भाई और अन्य के साथ गंडक नदी में गया था। इसी क्रम में नदी में डूब गया। सुनील के पुत्र अंशु का शव शुक्रवार को अग्रवाल वाटिका के समीप नदी में उतराता मिला था।