नियमों की हो रही अनदेखी, बिना मास्क शहर में लोगों की भीड़
बेतिया। सर्दी के मौसम में कोरोना संक्रमण तेजी से फैलने लगा है। इससे बचाव के लिए सरकार ने मा
बेतिया। सर्दी के मौसम में कोरोना संक्रमण तेजी से फैलने लगा है। इससे बचाव के लिए सरकार ने मास्क पहनना अनिवार्य कर सख्ती से इस नियम का पालन करने के लिए आदेश दिया है। सरकार के आदेश के अनुसार यदि कोई व्यक्ति मास्क पहने बिना दिखाई देता है तो उस पर जुर्माना और अन्य सख्त कार्रवाई की जानी है। इसके बावजूद शहर में इस आदेश का कोई असर दिखाई नहीं दे रहा है। बाजार में मंगलवार को कई लोग नियमों की अनदेखी कर बिना मास्क घूमते नजर आए। शहर के भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और मुख्य बाजार में अधिकांश लोगों ने मास्क नहीं पहना था। लोग शारीरिक दूरी के नियम का पालन करते हुए भी नहीं दिखे। कोरोना नियमों का पालन करवाने के लिए प्रशासन भी सक्रिय नहीं दिखाई दिया। ऐसा करना कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए खतरनाक हो सकता है। कोरोना के बढ़ रहे संक्रमण के बाद भी लोगों में मास्क पहनने को लेकर जागरूकता दिखाई नहीं दे रही है। हालांकि प्रशासन तथा स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोरोना वायरस से बचाव के लिए लगातार अपील की जा रही है। इसके बावजूद कई लोग व दुकानदार सरेआम कोरोना के नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं। ये लोग अपने साथ दूसरों की जान को भी खतरे में डाल रहे हैं। कई दुकानदारों ने नो मास्क-नो एंट्री का बोर्ड लगा रखा है। हैरत यह है कि दुकानों में ग्राहकों को बिना मास्क पहने सामान बेचा जा रहा है। अब अधिकतर दुकानों में सैनिटाइजर देखने को नहीं मिल रहा है। इससे कोरोना का खतरा बढ़ने की आशंका है। जिस तरह की लापरवाही इन दिनों देखने को मिल रही है, वह सब पर भारी पड़ सकती है। कई अधिकारी भी मास्क को लेकर उदासीन हो गए हैं। हद तो यह है कि अस्पताल में भी कोरोना के नियमों की अनदेखी हो रही है। यहां मरीज उनके परिजन और कर्मचारी तक बिना मास्क लगाने से कतरा रहे है।