अनुमंडल में 202 किलोमीटर बनेगी मानव श्रृंखला
बेतिया। जल जीवन हरियाली के समर्थन और सामाजिक बुराइयों के उन्मूलन की गवाह आज क्षेत्र की सड़कें बनेंगी।
बेतिया। जल जीवन हरियाली के समर्थन और सामाजिक बुराइयों के उन्मूलन की गवाह आज क्षेत्र की सड़कें बनेंगी। आम लोग बिहार सरकार के इस महाअभियान में शामिल होंगे। प्रशासन की ओर से भी विभिन्न स्थलों पर सेक्टर मजिस्ट्रेट समेत सुरक्षा की चाक-चौबंद व्यवस्था की गई है। अनुमंडल पदाधिकारी चंदन चौहान ने बताया कि अनुमंडल क्षेत्र में 202 किलोमीटर मानव श्रृंखला बनेगी। इसमें पचासी किलोमीटर मुख्य सड़क और शेष सभी प्रखंडों की सहायक सड़कें शामिल हैं। वातावरण व जल संरक्षण के साथ-साथ समाज के प्रति सरकार की इस पहल में लोगों की अप्रत्याशित भागीदारी होगी। तैयारी के क्रम में शहर के तीन मार्गों में तोरण द्वार भी बनाए गए हैं। पकड़ी ढाला, दिउलिया पेट्रोल पंप और हरदिया चौक के पास बने तोरण द्वार इस महापर्व में शामिल होने वाले लोगों का भव्य स्वागत करेंगे। प्रशासन की ओर से सुरक्षा के निमित्त विभिन्न थानों की पुलिस को भी सुरक्षा व्यवस्था सख्त रखने का निर्देश दिया गया है। एसडीपीओ सूर्यकांत चौबे ने बताया कि मानव श्रृंखला की सफलता के लिए प्रत्येक दो सौ और पांच सौ मीटर पर चौकीदार, पुलिसकर्मी और पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। सभी थानों को ऐसा निर्देश दिया गया है। उधर गौनाहा के रमपुरवा मिशन में छात्र छात्राओं ने विशाल मानव श्रृंखला बनाकर लोगों में जागरूकता का संदेश दिया।