सराय में ससुराल जा रहे युवक की खेत में करंट लगने से मौत
संवाद सूत्र सराय सराय थाना क्षेत्र के सैदपुर पटेढा गांव के एक खेत में करंट लगने से एक यु
संवाद सूत्र, सराय : सराय थाना क्षेत्र के सैदपुर पटेढा गांव के एक खेत में करंट लगने से एक युवक की मौत हो गई। युवक हाजीपुर सदर थाना क्षेत्र के गदाई सराय गांव निवासी शंकर साह के करीब 30 वर्षीय पुत्र रविन्द्र साह बताया गया है। स्वजनों ने बताया कि शुक्रवार की शाम घर से ससुराल मुजफ्फरपुर के लिए निकला था। देर शाम सूचना मिली की रविन्द्र का शव सैदपुर पटेढा गांव में एनएच के पश्चिम लेन के बगल में एक खेत में पड़ा हुआ है। सूचना पर घटनास्थल पर पहुंचे तो देखा की रविन्द्र का शव खेते में पड़ा हुआ है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर थाना पर ले आयी। शव रातभर थाना पर ही रखा रहा। शनिवार की सुबह काफी संख्या में ग्रामीण एवं ससुराल के लोग थाना पहुंच गये।
स्वजनों का कहना है कि खेत के चारों ओर बिजली का नंगा तार लगा था और उसी तार से करंट लगने से मौत हुई है। इस संबंध में भाई धर्मेन्द्र साह ने सराय थाना में आवेदन देकर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। युवक शुक्रवार की शाम घर से ससुराल के लिए चला था पर रास्ते में उसका शव सैदपुर पटेढ़ा गांव से बरामद हुआ है। खेत मालिक आलोक कुमार खेत के चारों ओर नंगा तार लगाए हुए है। उसी तार में करंट लगने से मौत हो गई। आवेदन में यह भी कहा गया है कि रात्रि में बयान दर्ज कराते समय खेत मालिक का नाम पता नहीं रहने के कारण बयान में नाम नही दिया गया था। खेत मालिक का नाम अंकित करने हेतु लिखित आवेदन दिया गया है। इस संबंध में थानाध्यक्ष अनिल कुमार ने बताया कि युवक की मौत करंट लगने से हुई है। युवक घटना स्थल पर कैसे पहुंचा जांच पड़ताल की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर भेज दिया गया है। लालगंज में पतंग उड़ाने के दौरान बच्चा छत से गिरा
संवाद सूत्र, लालगंज : नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या आठ में छत पर पतंग उड़ा रहा एक बच्चा छत से जमीन पर गिर कर गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे स्थानीय लोगों ने तत्काल लालगंज बाजार स्थित एक निजी क्लिनिक में भर्ती कराया। जहां से गंभीरावस्था में चिकित्सकों ने उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया। घायल बच्चा नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या आठ के शंकर पासवान का पुत्र है। घटना के संबंध में स्वजनों ने बताया कि बच्चा दो तल्ला मकान की छत पर पतंग उड़ा रहा था। पतंग उड़ाने के दौरान वह एकाएक छत से नीचे गिर पड़ा। उन्होंने बताया कि बच्चे के सिर में काफी चोटें आई है। चिकित्सक ने सिटी स्कैन कराने की सलाह दी है। हालांकि, बच्चा खतरे से बाहर बताया है।