वैशाली में अपराधियों पेट्रोल पंप से लूटे दो लाख रुपये, नालंदा में जदयू प्रखंड अध्यक्ष से एक लाख की लूट
वैशाली में शुक्रवार की सुबह बाइक सवार अपराधियों ने पेट्रोल पंप कर्मी को हथियार दिखाकर दो लाख रुपये लूट लिए। इसी तरह बिहारशरीफ में जदयू नेता से एक लाख रुपये लूट लिए गए।
वैशाली, जेएनएन। हाजीपुर-मुज़फ़्फ़रपुर NH-22 पर पेट्रोल पंप से अपराधियों ने दिनदहाड़े दो लाख रुपये लूट लिए। घटना शुक्रवार की अल सुबह हुई। वारदात को अंजाम देकर बदमाश मुजफ्फरपुर की ओर भाग निकले। घटना की जानकारी मिलने पर भगवानपुर पुलिस जांच के लिए पहुंच गई है।
बताया जाता है कि शुक्रवार की सुबह मुजफ्फरपुर की ओर से दो बाइक पर सवार होकर छह की संख्या में अपराधी वीणा शाही पेट्रोल पंप पर आए। पहले उन्होंने पेट्रोल पंप कर्मी से तेल लेने की बात कही। इसी बीच बदमाशों ने हथियार निकाल लिए और लूटपाट शुरू कर दी। कर्मचारी के पास से कैश के साथ कार्यालय में रखे रुपयो पर हाथ साफ किया।
इस दौरान पेट्रोल पंप कर्मी व गार्ड ने विरोध करना चाहा तो हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी लुटेरे देते रहे। बदमाशों के पास हथियार देख किसी ने कुछ नहीं बोला। लूटपाट को अंजाम देकर अपराधियों के फरार होने के बाद पीड़ित ने भगवानपुर थाने की पुलिस को वारदात की जानकारी दी। सूचना पर दलबल के साथ पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
कराय परसुराय प्रखंड अध्यक्ष से एक लाख की लूट
नालंदा। जिले में बेखौफ अपराधियों ने लूट की एक और वारदात को अंजाम दे दिया। शुक्रवार की दोपहर कराय परसुराय प्रखंड के जदयू अध्यक्ष से एक लाख रुपये लूट लिए। घटना करायपरसुराय के डियावा हाल्ट के पास हुई। लूट का शिकार जदयू प्रखंड अध्यक्ष अगम कुमार ने बताया कि एक बाइक से आए दो बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद अपराधी हथियार लहराते हुए फरार हो गए।