गांधी सेतु की पूर्वी लेन मार्च तक होगी चालू, लाइफलाइन को पूरा कराने में लगे हैं सौ इंजीनियर
जासं हाजीपुर राजधानी पटना से उत्तर बिहार को जोड़ने वाली बिहार की लाइफलाइन कही जा
जासं, हाजीपुर :
राजधानी पटना से उत्तर बिहार को जोड़ने वाली बिहार की लाइफलाइन कही जाने वाले महात्मा गांधी सेतु की पूर्वी लेन इस मार्च तक चालू करा दी जाएगी। इसके बाद यहां के लोगों को इस पुल पर फर्राटा भरने का अवसर मिलेगा। महात्मा गांधी सेतु पुल की पूर्वी लेन पर निर्माण कार्य काफी तेजी से चल रहा है। दिन रात सैंकड़ों की संख्या में कर्मचारी काम करने में जुटें हैं। बताया गया है कि यहां करीब 100 इंजीनियर और सुपरवाइजर के अलावा एक हजार कर्मियों को लगा कर काम में तेजी लाई गई है। इस समय 46 पाया वाले इस पुल के 36 पाया का सुपर स्ट्रक्चर जंगरोधी स्टील से तैयार हो गया है। वहीं 15 स्पैन पर स्लैब भी रखा जा चुका है। अगले माह से नवनिर्मित महात्मा गांधी सेतु के पूर्वी लेन की पिचिग का काम शुरू हो जाएगा। इस पुल से हाजीपुर के अलावा मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा सहित दर्जन भर जिले के लोगों का आवागमन होता है। फिलहाल गांधी सेतु ही उत्तर बिहार के लोगों के लिए लाइफलाइन बनी हुई है। कोरोना और बारिश से बाधित हुए थे निर्माण कार्य : अभियंताओं ने बताया कि महात्मा गांधी सेतु के पूर्वी लेन का निर्माण कार्य मार्च 2022 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। लेकिन कोरोना और भारी बारिश के कारण इसमें थोड़ी देरी हुई है। फिर भी लंबित काम को तेजी से पूरा कराया जा रहा है। अभियंताओं ने बताया कि गंगा नदी मे पानी अधिक बढऩे और अधिक घटने पर भी निर्माण कार्य प्रभावित होता है। इस समय महात्मा गांधी सेतु के नवनिर्मित पश्चिमी लेन से ही सभी तरह के वाहनों की आवाजाही हो रही है। अभियंता सुमंत कुमार ने बताया कि निर्माण कार्य को इज गति से तेज किया गया है कि अगले कुछ ही महीनों में गांधी सेतु के पूर्वी लेन पर भी परिचालन शुरू हो जाएगा। जुलाई 2020 में हुआ था पश्चिमी लेन का शुभारंभ : महात्मा गांधी सेतु के पश्चिमी लेने पर सुपर स्ट्रक्चर का काम जुलाई 2020 में पूरा कर लिया गया था और इसका उद्घाटन भी 31 जुलाई 2020 को कर दिया गया है। वहीं पूर्वी लेन पर निर्माण कार्य नवंबर 2020 में शुरू किया गया था, जिसके 31 मार्च 2022 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। अब ऐसे में उम्मीद है कि जिस तरह तेज गति से निर्माण कार्य चल रहा है, पूर्वी लेन पर परिचालन मार्च में शुरू हो सकता है। इस समय केवल पश्चिमी लेन के चालू रहने से पुल पर हमेशा जाम की समस्या झेलना पड़ रहा है। एक लेन से ही दोनों ओर की गाड़ियां आवाजाही से कई दुर्घटनाएं भी हो चुकी है। इससे पूर्वी लेन चालू होने का इंतजार हो रहा है।