राघोपुर के बाढ़ पीड़ितों की ना तेजस्वी ने खबर ली और नीतीश ने: पप्पु यादव
जन अधिकार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पप्पु यादव ने कहा कि बिहार के किसी भी शहर में जब किसी तरह की घटना होती है मैं स्वयं लोगों के बीच जाकर मदद करता हूं। बाढ़ के समय राघोपुर में आकर लोगों की मदद की।
संवाद सूत्र, बिदुपुर: जन अधिकार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पप्पु यादव ने कहा कि बिहार के किसी भी शहर में जब किसी तरह की घटना होती है, मैं स्वयं लोगों के बीच जाकर मदद करता हूं। बाढ़ के समय राघोपुर में आकर लोगों की मदद की। परन्तु लालू प्रसाद के परिवार के सदस्य एवं नीतीश कुमार यहां के लोगों के हाल चाल जानने नहीं आए। तेजस्वी यादव को यहां के लोग क्यों वोट देते हैं, क्या इसलिए कि वह नेता का बेटा है। पप्पु यादव शुक्रवार को बिदुपुर प्रखण्ड के रामदौली मैदान में जाप प्रत्याशी राजा यादव के समर्थन में जनसभा को सम्बोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि कोरोना काल में लालू प्रसाद का परिवार फार्म हाउस के अंदर बन्द था तो नीतीश कुमार क्वारंटाइन थे, जबकि मैं 76 दिनों तक सड़क पर घूम-घूम कर देसरे प्रदेशों से आने वाले कामगारों को भोजन कराया, वहीं लाखो कामगारों को दूसरे प्रदेश से बिहार लाया। कोटा एवं बंगलुरू से हजारों विद्यार्थियों को बस से बिहार के विभिन्न जिले तक पहुंचाया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ब्लैकमेल करते हैं और नीतीश कुमार बहुरूपिया हैं।
उन्होंने कहा कि अगर उनकी सरकार बनी तो तीन वर्ष के अंदर बिहार को एशिया महादेश का विकसित राज्य एवं हाजीपुर को एक वर्ष के अंदर विकसित औद्योगिक शहर बना देंगे। उन्होंने कहा कि तेजस्वी की क्वालिटी जात पात की है, काम करने की नहीं है। चौक-चौराहे दुकान आदि सभी जगहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। पुत्री के जन्म लेने पर एक लाख जमा कराएंगे, इंटर पास होने पर लड़की को स्कूटी एवं लड़के को बाइक देंगे। कारोबार करने के लिए तीन साल तक के लिए दस लाख रुपये बिना सूद के बेरोजगारों को देंगे।
इस अवसर पर प्रकाश अम्बेडकर ने कहा कि अमेरिका में हो रहे चुनाव में चरित्र की चर्चा चल रही है, जैसा चरित्र वैसा आचरण व्यक्ति का होगा। बिहार में महागठबंधन एवं राजग 15-15 वर्ष शासन किये। क्या आप लोगों ने चरित्र नहीं देखा। यहां चीनी मिलें एवम छोटे उद्योग खोले जा सकते थे। ऐसा होता तो बेरोजगारों को दूसरे प्रदेश में नहीं जाना पड़ता।