बिहार : हाजीपुर में EX BJP MLA पर नक्सली हमला! मारपीट कर 1.50 लाख लूटे
हाजीपुर शहर में बुधवार को एक मिनी बस में सवार होकर कथित हथियारबंद नक्सलियों का दस्ता आया। उसने शहर के बड़ी युसूफपुर में पूर्व विधायक सह भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ. अच्युतानंद सिंह के साथ मारपीट की तथा उनसे करीब डेढ़ लाख रुपये लूट लिए।
वैशाली। हाजीपुर शहर में बुधवार को एक मिनी बस में सवार होकर कथित हथियारबंद नक्सलियों का दस्ता आया। उसने शहर के बड़ी युसूफपुर में पूर्व विधायक सह भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ. अच्युतानंद सिंह के साथ मारपीट की तथा उनसे करीब डेढ़ लाख रुपये लूट लिए। विदित हो कि नक्सलियों ने उनसे पहले ही एक करोड़ की लेवी मांगी है तथा नहीं देने पर हत्या की धमकी भी दी है।
पूर्व विधायक ने इस घटना को नक्सलियों से जोड़ा है, हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि करने से फिलहाल इंकार किया है।
पटना से पहुंचे थे घर
जानकारी के अनुसार बुधवार की देर शाम पूर्व विधायक पटना से युसूफपुर स्थित अपने आवास पहुंचे। वहां उन्होंने अपने चालक को यह कहकर रुकने को कहा कि जंदाहा स्थित पैतृक आवास पर चलना है। वहां निर्माण कार्य चल रहा है। इसके बाद वे घर के अंदर चले गए।
नक्सलियों ने किया हमला
पूर्व विधायक ने बताया कि थोड़ी देर बाद जैसे ही वे अपने आवास से बाहर आकर गाड़ी पर बैठने लगे, 40-50 हथियारबंद नक्सलियों ने उनपर हमला बोल दिया। हमलावरों ने उनके पास से डेढ़ लाख रुपये भी लूट लिये। विधायक को बचाने आये अवनीश सिंह, गजेंद्र सिंह, चालक सुधीर चौधरी व बमभोले राय को भी मारपीट कर जख्मी कर दिया। पिटाई से पूर्व विधायक बेहोश होकर गिर पड़े। इसके बाद सभी हमलावर वहां से भाग निकले।
लगाया लाल सलाम जिंदाबाद का नारा
घायल पूर्व विधायक ने सदर अस्पताल में पुलिस को बताया कि उनपर पहले रिवाल्वर के बट से हमला किया गया। यह भी बताया कि हमलावर भागते समय लाल सलाम जिंदाबाद का नारा लगा रहे थे।
पहले मांगी है एक करोड़ की रंगदारी
पूर्व विधायक ने बताया कि पूर्व में माओवादियों ने उनसे एक करोड़ रुपये के रंगदारी की मांग की थी। रंगदारी नहीं देने पर उन्हें हत्या की धमकी दी गई है।
पुलिस का नक्सली वारदात से इंकार
दूसरी ओर पुलिस ने फिलहाल घटना में नक्सलियों की संलिप्तता से इंकार किया है। पुलिस के अनुसार विधायक की शिकायत की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस हर बिंदु पर छानबीन कर रही है।