गोली लगने से जख्मी मुखिया प्रत्याशी के पति की मौत, सड़क जाम
संवाद सूत्र पातेपुर (वैशाली) बलिगांव थाना क्षेत्र के बस्ती खोआजपुर गांव में बीते दिनों गोली लगन
संवाद सूत्र, पातेपुर (वैशाली):
बलिगांव थाना क्षेत्र के बस्ती खोआजपुर गांव में बीते दिनों गोली लगने से जख्मी व्यक्ति की रविवार को मौत हो गई। बाइक सवार बदमाशों ने अपने दालान पर बैठे मुखिया प्रत्याशी पति रंजीत राय को गत दिनों गोलियों से छलनी कर दिया था। घटना के बाद उसे पटना के आइजीआइएमएस में इलाज के लिए भर्ती कराया था जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। उनकी मौत के बाद स्वजनों में हड़कंप मच गया है। रंजीत राय की इलाज के दौरान मौत की जानकारी मिलते ही घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने महुआ-ताजपुर मार्ग को बहुआरा शिव मंदिर के समीप टायर जलाकर जाम कर दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार रविवार को बलिगांव थाना क्षेत्र के बस्ती खोआजपुर गांव निवासी रंजीत राय की इलाज के दौरान पटना में हुई मौत की जानकारी लोगो को मिलते ही सैंकड़ों की संख्या में लोग सड़क पर आ गए तथा महुआ-ताजपुर मार्ग को बहुआरा शिव मंदिर के पास जाम कर दिया। सड़क जाम होने के बाद महुआ-ताजपुर मार्ग पर जाम स्थल के दोनों ओर गाड़ियों की लंबी कतार लग गई। सड़क जाम की सूचना पर मौके पर पहुंची बलिगांव थाना की पुलिस को लोगों ने खदेड़ दिया। लोगो का आरोप था कि घटना के छह दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस अब तक कोई कार्रवाई नहीं की है।
बलिगांव पुलिस को खदेड़े जाने के बाद मौके पर पातेपुर थानाध्यक्ष रामशंकर कुमार, तिसीऔता थानाध्यक्ष प्रभुनाथ यादव तथा बलिगांव थाना के तमाम पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे। जैसे ही पुलिस मौके पर पहुंची की लोग आक्रोशित होकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सभी पुलिस पदाधिकारियों को पीछे हटने पर मजबूर कर दिया। लोगो के आक्रोश को देखते हुए पुलिस अपना कदम पीछे करने में ही भलाई समझी। इस मामले में आक्रोशित ग्रामीणों का आरोप था कि घटना के छह दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस इस मामले में कोई कार्रवाई नही की है।
लोगों का कहना था कि रविवार को रंजीत राय की मौत के बाद सड़क जाम होने पर पुलिस पहुंची है। जिससे आक्रोशित लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए दो बार खदेड़ दिया। बताते चलें कि छह दिन पहले बाइक सवार तीन की संख्या में रहे बदमाश रंजीत राय को बस्ती खोवाजपुर गांव में गोली मारकर फरार हो गए थे। उस दिन से घायल का इलाज पटना में चल रहा था। रविवार की अल सुबह घायल की मौत हो गई थी। घायल की मौत की खबर मिलते ही लोग आक्रोशित हो गए थे। रविवार की संध्या घायल का शव पहुंचते ही लोग आक्रोशित हो गए एवं महुआ-ताजपुर रोड को बहुआरा में जाम कर दिया एवं मौके पर वरीय पुलिस पदाधिकारी को बुलाने एवं हमलावर की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। खबर लिखे जाने तक सड़क जाम था।