हवन-पूजन के साथ संपन्न हुआ मूर्ति स्थापना समारोह
जागरण संवाददाता सुपौल गुप्त नवरात्र के अवसर पर सार्वजनिक पूजा स्थल गांधी मैदान में मां दुर्गा एव
जागरण संवाददाता, सुपौल: गुप्त नवरात्र के अवसर पर सार्वजनिक पूजा स्थल गांधी मैदान में मां दुर्गा एवं उनके पूरे दरबार के देवी-देवताओं की मूर्ति की स्थापना की गई। महासप्तमी के दिन प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा हुई और महानवमी के दिन यानी सोमवार को हवन पूजन एवं कुंआरी पूजन संपन्न हुआ। दस दिनों का यह अनुष्ठान मधुबनी से आए आचार्य पवन कांत ठाकुर के नेतृत्व में संपन्न हुआ। साथ में पंडित थानेश्वर झा, शिवेंद्र झा, मंगनू झा, विकास झा, आशुतोष झा प्रमुख भूमिका में रहे। महानवमी के मौके पर आयोजन समिति के द्वारा भंडारा का भी आयोजन किया गया था। जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित हुए और प्रसाद ग्रहण किया। 22 जून को मूर्ति स्थापना को लेकर कलश यात्रा निकाली गई थी।
मिली जानकारी अनुसार उक्त स्थल पर 1981 में पहली बार पूजा प्रारंभ हुई थी। उसके बाद एक परंपरा के तहत हर वर्ष शारदीय नवरात्रा में मूर्ति निर्माण कर माता की पूजा अर्चना की जाने लगी। लोगों की आस्था माता के प्रति बढ़ने लगी और शारदीय नवरात्रा के अलावा हर दिन श्रद्धालु पूजा अर्चना को जुटने लगे। लोगों की मनोकामना पूरी होती गई और माता के प्रति आस्था बढ़ता चला गया। शहरवासियों ने माता की प्रेरणा मूर्ति को स्थायित्व देने का निर्णय लिया और इसी के तहत संगमरमर की माता की मूर्ति सहित माता का पूरा दरबार सज गया। स्थापना चैती नवरात्रा में ही करने का निर्णय लिया गया था लेकिन कोरोना संकट की वजह से तिथि टलती जा रही थी। महानवमी के दिन होम हवन के साथ इस स्थापना यज्ञ की पूर्णाहुति हुई।