घायल जीविका दीदी के इलाज में उदासीनता
सुपौल। बिहार सरकार द्वारा शनिवार को आयोजित मानव श्रृंखला में भाग लेकर लौट रही बंधन जीविका के नारी शक्ति महिला ग्राम संगठन मुरली की सदस्य सुकनी देवी ट्रैक्टर से गिरकर जख्मी हो गई थी।
सुपौल। बिहार सरकार द्वारा शनिवार को आयोजित मानव श्रृंखला में भाग लेकर लौट रही बंधन जीविका के नारी शक्ति महिला ग्राम संगठन मुरली की सदस्य सुकनी देवी ट्रैक्टर से गिरकर जख्मी हो गई थी। इस घटना में उसका दाहिना हाथ टूट गया। घटना की जानकारी तत्क्षण जीविका, प्रमुख और प्रखंड के अधिकारी को दी गई। इसके बाद भी पीड़ित महिला का सरकारी स्तर से इलाज नहीं कराया जा रहा है। सुकनी देवी के पति कुलेंद्र मुखिया ने बताया कि मानव श्रृंखला के दौरान घर लौटने के क्रम में उसकी पत्नी ट्रैक्टर से नीचे फिसल गई। इस घटना में उसका दाहिना हाथ टूट गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां से सुपौल रेफर कर दिया गया। पीड़िता का उपचार कराया गया है, लेकिन पैसे के अभाव में उसका समुचित इलाज नहीं हो पा रहा है। उन्होंने प्रखंड विकास पदाधिकारी, जीविका के बीपीएम सहित अन्य अधिकारियों से पीड़िता के इलाज में तत्काल सहयोग करने का अनुरोध किया है। मालूम हो कि मानव श्रृंखला के दौरान मुरली गांव के लोगों को नेशनल हाईवे पर बुलाया गया था।