सिवान में पति के श्राद्धकर्म से लौट रही पत्नी की सड़क हादसे में मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़ Siwan News
जिले में रविवार को दर्दनाक हादसा हो गया। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के भंटा पोखर गांव में बाइक सवार को ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में पति के श्राद्धकर्म से लौट रही पत्नी की मौत हो गई।
सिवान, जेएनएन। जिले में रविवार को दर्दनाक हादसा हो गया। मुफस्सिल थाना क्षेत्र में एक अनियंत्रित ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। जिससे बाइक पर सवार तीन लोग घिसटते हुए दूर चले गए। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सभी को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां शांति देवी ने दम तोड़ दिया। शांति अपने पति के श्राद्धकर्म से लौटकर मायके जा रही थीं। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। घायलों में बिंदुसार निवासी ऊषा देवी व मैरवा थानाक्षेत्र निवासी छोटेलाल शामिल हैं। जिन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
भाभी के साथ मायके जा रही थी मृतका
घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के भंटा पोखर गांव के पास हुई। मृतका शांति देवी पति के श्राद्धकर्म में शामिल होने अपने परिवार के साथ गई थीं। कार्यक्रम खत्म होने के बाद सभी घर को लौटने लगे। भंटा पोखर निवासी शांति अपने भाभी और भांजे के साथ बाइक पर बैठ गईं और मायके जाने के लिए निकलीं। जैसे ही वो गांव भंटा पोखर के पास पहुंची कि एक अनियंत्रित ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार ठोकर मार दी।
बाइक समेत घिसटते चले गए दूर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी समेत सभी घिसटते हुए दूर चले गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल तीनों को नजदीक के अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया। जहां शांति देवी ने दम तोड़ दिया। जबकि उनकी भाभी और भांजे का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। वहीं घटना की सूचना पर थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई में जुट गई।