सिवान में स्कॉर्पियो ने अॉटो में मारी टक्कर, एक की मौत- आधा दर्जन यात्री घायल Siwan News
छपरा-सिवान हाईवे पर गुरुवार को एक अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने अॉटो में टक्कर मार दी। हादसे में एक की मौत हो गई। जबकि अाधा दर्जन से अधिक लोग घायल हैं।
सिवान, जेएनएन। सराय ओपी क्षेत्र के माहपुर स्टेट हाईवे 73 पर गुरुवार को दर्दनाक हादसा हो गया। यहां एक अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने सवारी लेकर आ रहे अॉटो में टक्कर मार दी। टक्कर मारते ही अॉटो पलट गया। हादसे के बाद घटना स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना में अॉटो पर सवार करीब आधा दर्जन यात्री घायल हो गए। आनन-फानन में सभी को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां एक ने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान महाराजगंज थानाक्षेत्र के बलिया पोखरा निवासी रमेश महतो के रूप में हुई है। सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो को जब्त करते हुए उसके चालक को हिरासत में ले लिया।
छपरा-सिवान हाईवे पर हुआ हादसा
बताया जाता है कि गुरुवार की सुबह सभी ऑटो में सवार होकर तरवारा की ओर जा रहे थे। तभी माहपुर एसएच 73 के समीप तरवारा की ओर से आ रही तेज रफ्तार की स्कॉर्पियो ने ऑटो में सामने से टक्कर मार दी। घटना के बाद अॉटो पलट गया। यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई।
इलाज के लिए सदर अस्पताल में कराया भर्ती
दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से अॉटो के अंदर से घायल यात्रियों को बाहर निकाला गया। आनन-फानन में करीब आधा दर्जन को सदर अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। जहां गंभीर रूप से घायल एक ने दम तोड़ दिया। वहीं अन्य का इलाज अस्पताल में चल रहा है। अॉटो में टक्कर मारकर स्कॉर्पियो सवार वाहन लेकर फरार हो गया। मृतक की पहचान महाराजगंज थानाक्षेत्र के बलिया पोखरा निवासी रमेश महतो के रूप में हुई है। वहीं घायलों में ऑटो चालक अहिरनी निवासी मनोज गिरि, बलिया पोखरा निवासी लक्ष्मी देवी, बर्तवलिया निवासी अनवर हुसैन, दारौंदा थानाक्षेत्र के हड़साटाली की हलसा देवी, राधा कुमारी व गोपालगंज निवासी कृष्ण कुमार शामिल हैं।