गश्त के दौरान पुलिस पर ईंट-पत्थर से हमला, एएसआइ समेत तीन पुलिस कर्मी घायल
सिसवन थाना क्षेत्र के भागर में शनिवार की रात गश्त में निकली पुलिस पर कुछ शरारती तत्वों ने ईंट-पत्थर से हमला बोल दिया।
संसू, सिसवन (सिवान) : सिसवन थाना क्षेत्र के भागर में शनिवार की रात गश्त में निकली पुलिस पर कुछ शरारती तत्वों ने ईंट-पत्थर से हमला बोल दिया। इस दौरान एएसआइ सुरेंद्र प्रसाद यादव, सिपाही संजीत कुमार सिंह, चालक रंजीत कुमार यादव घायल हो गए। शरारती तत्वों ने पुलिस गाड़ी के शीशे को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। सभी घायलों का इलाज स्थानीय अस्पताल में कराया गया। इस मामले में घायल एएसआइ के बयान पर 30 नामजद एवं 70-80 अज्ञात के विरुद्ध लोगों पर प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
एएसआइ सुरेंद्र प्रसाद यादव ने थाने में दिए अपने आवेदन में कहा है कि शनिवार की देर शाम अवैध शराब धंधेबाजों की गिरफ्तारी के लिए सिपाही अरविद कुमार पांडेय, संजीत कुमार सिंह, कृष्णा उपाध्याय एवं कचनार के चौकीदार परमात्मा यादव, चालक रंजीत कुमार यादव के साथ क्षेत्र में निकले थे। जब भागर स्थित पेट्रोल पंप के पास पहुंचे तभी थानाध्यक्ष द्वारा दूरभाष के माध्यम से सूचना मिली कि भागर मठ के महंत कृष्णकांत भारती के घर पर कुछ शरारती तत्वों द्वारा गाली गलौज एवं तोड़-फोड़ की जा रही है। इसकी सूचना पर शाम करीब 8 बजे महंत् के दरवाजे पर पहुंचा तो देखा कि गांव के कुछ लोगों द्वारा उनके साथ गाली गलौज एवं घर पर तोड़-फोड़ की जा रही है। इस दौरान उक्त लोगों को समझा-बुझाकर मामले को शांत कराया। इसके बाद जैसे ही महंत के घर से निकला तभी थानाध्यक्ष द्वारा दूरभाष से सूचना मिली कि दल बल के साथ निरखापुर छठ घाट पर पहुंचे। छठ घाट पर पहुंचने के बाद थानाध्यक्ष के साथ शराब के लिए विशेष छापेमारी की गई। इसमें एक व्यक्ति को गिरफ्तार करते हुए शराब जब्त की गई। गिरफ्तार व्यक्ति एवं शराब को लेकर थानाध्यक्ष थाना पहुंचे। थाना पर पहुंचते ही थानाध्यक्ष के मोबाइल पर महंत की पत्नी इंदू देवी ने फोन कर बताया कि फिर से सभी लोग दरवाजे पर आकर गाली गलौज एवं तोड़-फोड़ कर रहे हैं। थानाध्यक्ष के आदेशानुसार शनिवार की रात करीब नौ बजे छट्ठु यादव एवं रामचंद्र यादव के घर के पास पहुंचा तो पूर्व से घात लगाए करीब सौ से अधिक लोगों ने मुझ पर अचानक ईंट-पत्थर से हमला कर दिया। हमले में सिपाही संजीव कुमार सिंह, चालक रंजीत कुमार यादव, एवं एएसआइ सुरेंद्र प्रसाद यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी का इलाज स्थानीय रेफरल अस्पताल में किराया गया। पुलिस बल पर हमला मामले में 30 नामजद एवं 70-80 अज्ञात पर प्राथमिकी
पुलिस बल पर हमला करने के मामले में एएसआइ सुरेंद्र प्रसाद यादव ने रविवार को 30 नामजद एवं 70-80 अज्ञात लोगों के विरुद्ध सिसवन थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। इसमें छट्ठु यादव, रामचंद्र यादव, शिवजी यादव, बच्चा मल्लाह, रुदल यादव, रामबाबू यादव, गुड्डू कुमार यादव, धर्मेंद्र यादव, हरिकिशुन यादव, उमेश प्रसाद, जयप्रकाश यादव, हरिद्वार यादव, गौरीशंकर साह, गुलाबचंद प्रसाद, हरिकिशुन माली, कृष्णा साह, सद्दाम हुसैन, दीपाचंद्र प्रसाद, राजवंशी यादव, उमा देवी, अनिल यादव, हरिहर यादव, विमलावती देवी, सुगांति देवी, आशा देवी, बसंती देवी, आत्मा यादव, सतन यादव, विमल यादव, ललन यादव एवं नवलपुर गांव निवासी गौतम यादव सहित 70 से 80 अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है। सुरेंद्र प्रसाद यादव ने अपने आवेदन में कहा है कि सभी ने एक राय होकर मुझ पर पत्थर एवं लाठी डंडे से ताबड़तोड़ हमला किया जिससे सिपाही संजीत कुमार सिंह, चालक रंजीत कुमार यादव को गंभीर चोट लगी। हमले का नेतृत्व ललन यादव, गौतम यादव एवं विमल यादव कर रहे थे। वहां से हम लोग किसी तरह जान बचाकर भागे एवं अपना इलाज कराएं। हमलावरों ने वाहन पर प्रहार कर शीशे की क्षतिग्रस्त कर दिए।