गिरिराज का बड़ा बयान: नीतीश के जंगल राज संग जाने से बढ़े अपराध, अब हो रहा सुधार
राज्य में अपराध पर गिरिराज सिंह ने कहा कि इसपर नियंत्रण हो रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि अपराध का कारण नीतीश कुमार का कुछ दिनों के लिए जंगल राज के साथ चले जाना रहा है।
सिवान [जेएनएन]। केंद्रीय राज्य मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी 30 हजार रुपये कर पिज्जा खाजे हैं। उन्हें क्या पता कि 12 हजार रुपये की नौकरी करने वाले के घर में चूल्हा कैसे जलता है? उन्हें तो अपने ऐशो-आराम से मतलब है। गिरिराज सोमवार को मीडिया से मुखातिब थे। बिहार की कानून व्यवस्था पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार कुछ दिनों के लिए जंगल राज के साथ चले गए थे, जिसके परिणामस्वरूप अपराध बढ़े हैं। हालांकि, स्थिति पर नियंत्रण होता जा रहा है।
विकास में बाधक बनी जनसंख्या
उन्होंने कहा कि देश के विकास में जनसंख्या सबसे बड़ी बाधा है। सड़क से संसद तक इसपर बहस जरूरी है। भारत में एक मिनट में 29 बच्चे पैदा होते हैं. पूरी दुनिया की 18 फीसद आबादी वाले भारत के पास विश्व की केवल 2.5 फीसद भूमि है। चीन ने जनसंख्या नियंत्रण में सफलता पाई है, लेकिन हम अभी इसमें पीछे हैं।
पीएम मोदी के नेतृत्व में हुआ विकास
केंद्र की उपलब्धियों पर चर्चा के दौरान गिरिराज ने का कि सरकार महंगाई को रोकने में सफल रही है, जिस बात को राहुल गांधी को समझना चाहिए। राहुल जब यह कहते हैं कि युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा तो उन्हें रोजगार की परिभाषा समझनी चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि देश का सभी क्षेत्रों में विकास हुआ है।
अपराध पर धीरे-धीरे लग रहा अंकुश
बिहार में अपराध पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कुछ दिनों के लिए महागठबंधन में लालू प्रसाद यादव के जंगलराज के साथ चले गए थे, इसलिए उसका दुष्परिणाम मिल रहा है। धीरे-धीरे इसपर अंकुश लग रहा है। सिवान जिले में एमएलसी टुन्ना पांडेय और सांसद ओमप्रकाश यादव के बीच चल रहे विवाद के बारे में गिरिराज ने सफाई दी कि पति-पत्नी के बीच विवाद होते ही रहता है, यह कोई मसला नहीं है।