Move to Jagran APP

सिवान में मुख्य सड़क पर बह रहा नाले का गंदा पानी

प्रखंड के बभनौली पंचायत के कैथवली गांव में दो पंचायतों को जोड़ने वाली पक्की सड़क दक्षिण से उत्तर की तरफ जाती है। इस सड़क के पश्चिम वार्ड संख्या पांच में एक उत्क्रमित उच्च विद्यालय है। विद्यालय के पास ही पंचायत कार्यालय और उप स्वास्थ्य केंद्र है।

By JagranEdited By: Published: Fri, 15 Jan 2021 10:41 PM (IST)Updated: Fri, 15 Jan 2021 10:41 PM (IST)
सिवान में मुख्य सड़क पर बह रहा नाले का गंदा पानी
सिवान में मुख्य सड़क पर बह रहा नाले का गंदा पानी

सिवान । प्रखंड के बभनौली पंचायत के कैथवली गांव में दो पंचायतों को जोड़ने वाली पक्की सड़क दक्षिण से उत्तर की तरफ जाती है। इस सड़क के पश्चिम वार्ड संख्या पांच में एक उत्क्रमित उच्च विद्यालय है। विद्यालय के पास ही पंचायत कार्यालय और उप स्वास्थ्य केंद्र है। इसी वार्ड में जनवितरण प्रणाली की एक दुकान भी है। यहां से कई वार्डों के लोगों को खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाता है। यहां आंगनबाड़ी केंद्र नहीं है। करीब दो हजार की आबादी वाले इस वार्ड का हाल जानने के लिए शुक्रवार को जागरण आपके द्वार कार्यक्रम के अंतर्गत संवाददाता ने गली-गली घूम कर ग्रामीणों से बातचीत की। विकास के दावों के बीच यहां समस्याएं तो काफी हैं, लेकिन जल निकासी और नाला की समस्या को लेकर लोगों की परेशानी ज्यादा दिखी। वहीं बिजली आपूर्ति की समस्या को भी लोगों ने मुख्य समस्याओं में गिनाया।

loksabha election banner

विद्युत तार को बांस के खंभे का सहारा :

वार्ड के लोगों ने बताया कि यहां विद्युत विभाग की उपेक्षा से वे परेशान हैं। यहां एक 63 केवी का ट्रांसफार्मर लगा है। इससे इस पूरे वार्ड में विद्युत आपूर्ति होती है। इतना ही नहीं इस वार्ड के साथ अन्य दो वार्डों में भी नल जल योजना के तहत लगे मोटर पंप इसी ट्रांसफार्मर से चलते हैं। इसके कारण लो वोल्टेज की समस्या रहती है। लो वोल्टेज से कभी कभी नल जल का मोटर नहीं चल पाता है। विद्युत पोल पर केबल तार नहीं लगाया गया है। तार जर्जर स्थिति में हैं। यह अक्सर टूट कर गिरते रहता है। इस वार्ड के पश्चिम हिस्से में दुर्गा मंदिर से लेकर शिव मंदिर तक बांस के सहारे लगे विद्युत तार झूल रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि इसको लेकर कई बार विद्युत विभाग को अवगत कराया गया है। फिर भी विद्युत पोल नहीं लगाया गया और ना ही तार के केबल लगाए गए। काशी मांझी समेत कई ग्रामीणों के घर के ऊपर से विद्युत तार गुजरा हुआ है जो भविष्य में खतरे का संकेत दे रहा है। सड़क पर बह रहा नाले का पानी :

इस वार्ड में नाले का घोर अभाव है। देखा जाए तो नाला बना ही नहीं है। हर घर से नाली का पानी सड़क पर बहाने को लोग विवश हैं। इस वार्ड में सड़क की स्थिति तो अच्छी है। अधिकांश सड़कें पक्की हो चुकी हैं। कुछ सड़कें ईंटकरण हैं और कुछ पीसीसी हैं, लेकिन नाली का पानी सड़क पर बहने से आपस में लोगों के बीच झगड़ा होता रहता है। नाले के पानी से निकलते दुर्गंध से लोग परेशान रहते हैं। सोख्ता का निर्माण भी नहीं हुआ है। हालांकि सामुदायिक सोखता का निर्माण सभी वार्डों में होना है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जल निकासी की व्यवस्था होनी चाहिए। नाला का निर्माण कर दिया जाए, तो सड़क पर नाले का पानी बहने से हो रही समस्या दूर हो सकती है। उप स्वास्थ्य केंद्र में लटका रहता है ताला :

स्थानीय लोगों की माने तो इस वार्ड में स्थित उप स्वास्थ्य केंद्र कभी-कभी खुलता है। चिकित्सक नहीं आते हैं। यहां के लोगों को इलाज के लिए तीन किलोमीटर दूर रेफरल अस्पताल मैरवा जाना पड़ता है। शुक्रवार को भी इस उप स्वास्थ्य केंद्र में दिनभर ताला लगा रहा है। पंचायत भवन भी बंद पाया गया, जबकि पंचायत का काम पंचायत भवन से ही होना है। आंगनबाड़ी केंद्र नहीं होने से पांच साल से कम उम्र के बच्चों को दूसरे आंगनबाड़ी केंद्र में जाना मजबूरी है। इसके लिए उन्हें दूसरे वार्ड में जाना पड़ता है। ग्रामीणों ने कहा कि सरकार को यहां एक आंगनबाड़ी केंद्र खोलना चाहिए। सड़क पर बहता है नाले का पानी :

सात निश्चय के तहत हर घर नल जल योजना से लोग संतुष्ट दिखे। ग्रामीणों ने बताया कि जलापूर्ति होती है। इसको लेकर उन्हें कोई परेशानी नहीं है। घर-घर में नल जल का कनेक्शन दिया गया, लेकिन उत्क्रमित उच्च विद्यालय में नल जल आपूर्ति का पानी विद्यालय परिसर में बहता हुआ देखा गया। असल में एक नल स्टैंड टूटा हुआ था। आस पास स्थित लोगों ने बताया कि यह काफी लंबे समय से टूटा हुआ है। किसी ने पाइप ही तोड़ दिया है। उसमें लकड़ी ठूंस कर पानी का बहाव बंद करने की कोशिश की गई है। फिर भी पानी बहता रहता है। क्या कहते हैं स्थानीय लोग :

वार्ड संख्या पांच में नाला बिल्कुल नहीं है। इसको लेकर सभी परिवार को परेशानी झेलनी पड़ रही है। बरसात में जलजमाव से फसल नुकसान हो जाता है। कई पुलिया बंद पड़े हैं। नाला निर्माण और जल निकासी की व्यवस्था आवश्यक है।

शशि कुमार यादव

---

विभाग द्वारा विद्युत तार बदला जाना चाहिए। बांस के खंभे हटाकर विद्युत पोल लगाया जाए। नंगे जर्जर तार से स्थानीय लोगों पर खतरा बना हुआ है। विद्युत विभाग इस पर ध्यान नहीं दे रहा है।

बीरबल मांझी

---

कई परिवारों को आज भी राशन कार्ड नहीं मिला है। आंगनबाड़ी केंद्र नहीं होने से घर के छोटे बच्चों को दूसरे वार्ड में भेजना मजबूरी है। इस वार्ड में एक आंगनबाड़ी केंद्र खोलना जरूरी है।

युगल राम

---

उप स्वास्थ्य केंद्र की स्थिति ठीक नहीं है। यह प्रतिदिन स्वास्थ्य केंद्र नहीं खुलता। यह स्वास्थ्य केंद्र प्रतिदिन खुले और यहां हमेशा चिकित्सक के बैठने की व्यवस्था होनी चाहिए ताकि यहां के लोगों को इलाज कराने दूर ना जाना पड़े। यहीं लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराई जाए।

पंचरत्न बैठा।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.