सिवान में पोर्टल पर दर्ज होगा सरकारी व गैर सरकारी स्कूलों के बच्चों का ब्योरा
शैक्षणिक सत्र 2021-22 में जिले के सरकारी और गैर सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालयों में नामांकित बच्चों का मेधा साफ्ट पोर्टल पर आनलाइन इंट्री अनिवार्य रूप से होनी है। इसको लेकर जेबीटी के नोडल पदाधिकारी ने डीईओ को निर्देश जारी किया है।
जासं, सिवान : शैक्षणिक सत्र 2021-22 में जिले के सरकारी और गैर सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालयों में नामांकित बच्चों का मेधा साफ्ट पोर्टल पर आनलाइन इंट्री अनिवार्य रूप से किया जाना है। इसको लेकर शिक्षा विभाग के विशेष सचिव सह जेबीटी के नोडल पदाधिकारी ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देश जारी किया है। जारी निर्देश के आलोक में जिला शिक्षा पदाधिकारी ने सभी प्रधान को ससमय बच्चों को आनलाइन इंट्री पोर्टल पर करने की बात कही है। बता दें कि कोरोना संक्रमण के कारण विद्यालयों में नामांकित बच्चों को वर्गोन्नति दी जा चुकी है। शैक्षणिक सत्र 2021-22 में यदि किसी विद्यार्थी द्वारा विद्यालय परिवर्तित किया गया है या किसी विद्यालय के किसी भी कक्षा में नया नामांकन हुआ है तो उसकी इंट्री मेधा साफ्ट पोर्टल में आवश्यक सूचनाओं के साथ जैसे कि बैंक खाता, आधार संख्या के साथ किया जाना अनिवार्य है। पोर्टल के माध्यम से मिलेगा परित्याग प्रमाण पत्र : मेधा साफ्ट के माध्यम से भी विद्यालय परित्याग प्रमाण पत्र प्राप्त कर सकते हैं। यदि किसी विद्यार्थी को एक विद्यालय से नाम हटाकर दूसरे विद्यालय में नामांकन करना है तो इसके लिए संबंधित छात्र-छात्राओं को मेधा साफ्ट के माध्यम से ही विद्यालय परित्याग प्रमाण पत्र दिया जा सकता है। इसके आधार पर संबंधित छात्र-छात्रा किसी अन्य विद्यालय में नामांकन ले सकेंगे। ==============
मेधा साफ्ट पोर्टल पर सभी बच्चों की इंट्री किया जाना है। यह कार्य संबंधित विद्यालय के प्रधान की जिम्मेवारी होगी। एक ही बच्चा इंट्री से छूटे नहीं इसके अलावा बच्चों के पुराने रिकार्ड में आवश्यकतानुसार सुधार का भी प्रावधान किया गया है।
मिथिलेश कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी, सिवान।