सिवान जिले में थानास्तर से शिकायतों को नहीं सुनने पर होगी कार्रवाई
कलेक्ट्रेट स्थित एसपी ऑफिस में शुक्रवार को सारण डीआइजी मनु महाराज ने एसपी अभिनव कुमार सहित जिले के सभी थानाध्यक्षों के साथ बैठक कर कानून व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने सभी थानाध्यक्षों को अपराध पर अंकुश लगाने के साथ ही शराब तस्करी पर रोक लगाने का सख्त निर्देश दिया।
सिवान । कलेक्ट्रेट स्थित एसपी ऑफिस में शुक्रवार को सारण डीआइजी मनु महाराज ने एसपी अभिनव कुमार सहित जिले के सभी थानाध्यक्षों के साथ बैठक कर कानून व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने सभी थानाध्यक्षों को अपराध पर अंकुश लगाने के साथ ही शराब तस्करी पर रोक लगाने का सख्त निर्देश दिया। पदभार ग्रहण करने के बाद से ही डीआइजी मनु महाराज एक्शन में दिख रहे हैं। अपने अंदाज के लिए चर्चित सारण रेंज के डीआइजी कलेक्ट्रेट की सीढि़यों पर दौड़ते नजर आए। डीआइजी के इस एक्शन की पूरे विभाग में चर्चा रही। सभी वरीय पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक में उन्होंने हाल के दिनों में जिले में हुई आपराधिक घटनाओं की समीक्षा की और आवश्यक दिशा निर्देश भी दिया।
उन्होंने बताया कि सभी थाना के थानाध्यक्षों को सख्त हिदायत दी गई कि किसी भी हाल में आपराधिक घटना व शराब तस्करी पर लगाम लगाना है। भूमि विवाद के मामले को सुलझाना है। थाना पर हर व्यक्ति की शिकायतों को सुनें। अगर हमारे पास कोई आता है और कहता है कि थाना उनकी नहीं सुन रहा है तो उनपर कार्रवाई होगी। बताया कि सारण में सिवान जिला खास है। दवा दुकान पर फायरिग मामले का बहुत जल्द उद्भेदन हो जाएगा। इसके साथ ही जिले में अपराध करने तथा अपराधियों को सरंक्षण देने वाले लोगों को चिन्हित कर उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजना है। इसमें किसी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीआइजी ने विभिन्न थानों का किया औचक निरीक्षण :
जिले में प्रवास के दौरान डीआइजी मनु महाराज ने नगर थाना व मुफस्सिल थाना का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अभिलेखों का गहनतापूर्वक निरीक्षण किया। थाना प्रभारी से विभिन्न मामलों की जानकारी ली। क्राइम कंट्रोल के ऑर्डर दिए। स्टेशन डायरी और एफआइआर रजिस्टर देखा। डीआइजी द्वारा थानों के औचक निरीक्षण से अन्य सभी थाने अलर्ट पर रहे।