विस चुनाव में 40 प्रतिशत महिला मतदान कर्मियों की होगी अहम भागीदारी
विधानसभा चुनाव में इस बार महिला मतदानकर्मियों की भागीदारी को बढ़ाया गया है। महिला मतदान कर्मी ना सिर्फ मतदान कराएंगी बल्कि मतगणना भी कराएंगी।
सिवान । विधानसभा चुनाव में इस बार महिला मतदानकर्मियों की भागीदारी को बढ़ाया गया है। महिला मतदान कर्मी ना सिर्फ मतदान कराएंगी बल्कि मतगणना भी कराएंगी। जानकारी के अनुसार इसबार 40 प्रतिशत महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित कराई जाएगी। विधानसभा चुनाव में महिला कर्मियों को मतदान कार्य संपन्न कराने का जिम्मा सौंपा जाएगा। प्रत्येक विधान सभा क्षेत्र में यह ऐसा बूथ रहेगा, इसमें पीठासीन अधिकारी से लेकर प्रथम, द्वितीय और तृतीय मतदान अधिकारी महिलाएं ही होंगी। बूथ पर सुरक्षा का जिम्मा भी महिला फोर्स के पास रहेगा। इस संबंध में जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी अनिल कुमार तिवारी ने बताया कि विधानसभा चुनाव में जहां महिलाओं की भागीदारी अहम होगी। वहीं पोलिग बूथों पर महिलाएं कमान संभालेंगी। इससे महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा मिलेगा। आयोग की इस पहल से समाज में यह भी संदेश जाएगा कि महिलाएं मतदान तो करती हैं, मतदान कराने में भी सक्षम हैं।
चुनाव कार्य में 6770 महिला कर्मियों की होगी तैनाती :
मतदान कार्य में महिलाकर्मियों की प्रतिनियुक्ति बूथों पर निर्वाचन कार्य के लिए नहीं की जाती है। लेकिन, इस बार मतदान केंद्रों की अधिक संख्या को देखते हुए चुनाव आयोग ने महिलाकर्मी की भी तैनाती करने का निर्णय लिया है। कार्मिक कोषांग पदाधिकारी विपिन कुमार राय ने बताया कि कोरोना संक्रमण को ध्यान में रखते हुए जिले में 1149 सहायक मतदान केंद्र बनाए गए है। इसके बाद कुल मतदान केंद्रों की संख्या बढ़कर 3571 हो गई है। विधानसभा चुनाव को संपन्न कराने को लेकर कुल 17 हजार 140 मतदान कर्मियों की आवश्यकता होगी। इसमें 6 हजार 770 महिला कर्मी तथा 11 हजार 310 पुरुष मतदानकर्मी शामिल हैं। इसमें 71 पीठासीन पदाधिकारी, 99 प्रथम मतदान कर्मी, 3429 द्वितीय मतदान कर्मी तथा 3171 तृतीय मतदानकर्मी शामिल हैं।
क्या कहते हैं जिम्मेदार :
जिले में कुल 3571 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इसमें 2400 सम्मिलित मतदान केंद्र, 1113 पुरुष मतदान केंद्र, 50 महिला मतदान केंद्र, आठ दिव्यांग मतदान केंद्र शामिल हैं। वहीं मतदान कार्य में करीब 40 प्रतिशत महिला मतदान कर्मियों की की भागीदारी सुनिश्चित कराई जाएगी।
अनिल कुमार तिवारी, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी, सिवान।