जर्जर पुल से गुजरते वाहन, बनी रहती हादसे की आशंका
बथनाहा प्रखंड के टंडसपुर चौक स्थित एनचएच 104 पर शिकाउ नदी की उप धारा पर बने पुल की स्थिति इतनी जर्जर हो चुकी है कि कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
सीतामढ़ी। बथनाहा प्रखंड के टंडसपुर चौक स्थित एनचएच 104 पर शिकाउ नदी की उप धारा पर बने पुल की स्थिति इतनी जर्जर हो चुकी है कि कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। इस पुल को पार करते वक्त चालक भगवान का नाम लेकर पार करते हैं। जिस कारण हर वक्त जाम लगा रहता है। इस पुल की स्थिति को देख कर कई वर्ष पूर्व सड़क निर्माण कंपनी के अभियंता द्वारा भारी वाहनों को गुजरने पर रोक लगा दी गई है, बावजूद आए दिन लोग जान जोखिम में डालकर पार करने को मजबूर हैं। सामरिक ²ष्टिकोण से यह मार्ग अति महत्वपूर्ण है इसके बाद भी इस पुल की बदहाल स्थिति की सुधारने की दिशा में स्थानीय सांसद व विधायक से लेकर प्रशासन का भी ध्यान नहीं है। मालूम हो कि यह राष्ट्रीय उच्चमार्ग नेपाल के जनकपुर धाम को जोड़ती है। आए दिन इस मार्ग से हजारों की संख्या में पैसेंजर गाड़ी से लेकर मालवाहक वाहन इस होकर गुजरता है। इस पुल की स्थिति खराब रहने के कारण रोज यहां जाम लगता है। जिससे यात्रियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। जाम के कारण कई वाहन चालक अपना वाहन खेतों के रास्ते से गुजरने को विवश होते हैं। पुल पर अक्सर जाम लगने के कारण अक्सर दो पहिया वाहन चालक खेत की पगडंडी के रास्ते सफर करने को मजबूर हैं।