पेट्रोल-डीजल के मूल्य वृद्धि के खिलाफ राजद ने निकाली साइकिल रैली
राजद के 24 वें स्थापना दिवस पर पेट्रोल व डीजल के मूल्य वृद्धि के खिलाफ कार्यकर्ताओं ने शहर से लेकर गांव तक साइकिल रैली निकाल विरोध प्रदर्शन किया।
सीतामढ़ी। राजद के 24 वें स्थापना दिवस पर पेट्रोल व डीजल के मूल्य वृद्धि के खिलाफ कार्यकर्ताओं ने शहर से लेकर गांव तक साइकिल रैली निकाल विरोध प्रदर्शन किया। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के आह्वान पर जिलाध्यक्ष अशफाक उर्फ चांद, पूर्व सांसद सीताराम यादव, स्थानीय विधायक सुनील कुमार कुशवाहा व सुरसंड सैयद अबू दोजाना के नेतृत्व में डुमरा के आंबेडकर स्थल से निकला साइकिल जुलूस कारगिल चौक होते हुए गोशाला आंबेडकर स्थल पहुंचा। कार्यकर्ता पेट्रोल डीजल व रसोई गैस के मूल्य वृद्धि को वापस लेने तथा तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाने के नारे लगा रहे थे। जुलूस में प्रदेश उपाध्यक्ष शफीक खां, तारकेश्वर यादव, चंद्रजीत प्रसाद यादव, ब्रजमोहन मंडल, वरीय नेता मनोज कुमार, युवा राजद प्रदेश उपाध्यक्ष हरिओम शरण नारायण, संजीत कुमार छोटू, रामजीनिस यादव आदि शामिल थे।
पुपरी : केंद्र सरकार द्वारा पेट्रोलियम मूल्य में लगातार की जा रही वृद्धि के खिलाफ विपक्षी दलों ने मोर्चा खोल दिया है। नगर में राजद कार्यकर्ताओं द्वारा अलग-अलग साइकिल रैली निकाली गई। सबसे पहले युवा इकाई के महासचिव मनोज कुमार यादव के नेतृत्व में निकली रैली में केंद्र सरकार को गरीब विरोधी बताया गया। इसमे श्रीनाथ राय, रामबाबू यादव, नौशाद, सुधीर राय, जयनारायण राय, साकिर हुसैन, नारायण ठाकुर आदि मौजूद थे। उधर, विधायक सैयद अबू दोजाना के नेतृत्व में मदरसा अजीजिया से निकली रैली कर्पूरी चौक पर पर संपन्न हुई। इस दौरान विधायक ने कर्पूरी ठाकुर के प्रतिमा पर माल्यर्पण किया। मौके पर पूर्व प्रमुख शरणागत सिंह, अमजद अली, मुर्तुजा, महफूज आलम नन्हे, रामनाथ यादव, टीपू सुल्तान, अशगर अली, राजा, निराले, सोनू खान, मुर्तुजा आदि थे।