Move to Jagran APP

अब अंधेरे का भूत भाग चुका : नीतीश

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब हर घर में बिजली पहुंच गई है। इलाका रोशन हो रहा है। पहले गांवों का बुरा हाल था।

By JagranEdited By: Published: Fri, 18 Jan 2019 01:42 AM (IST)Updated: Fri, 18 Jan 2019 01:42 AM (IST)
अब अंधेरे का भूत भाग चुका : नीतीश
अब अंधेरे का भूत भाग चुका : नीतीश

सीतामढ़ी। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब हर घर में बिजली पहुंच गई है। इलाका रोशन हो रहा है। पहले गांवों का बुरा हाल था। लोग लालटेन और ढिबरी के सहारे रात काटते थे। बच्चों की पढ़ाई बाधित होती थी। अंधेरे में बच्चा कहीं बाहर निकल कर भटक न जाए, इसके लिए माता-पिता बाहर भूत होने की बात कहकर डराते थे। लेकिन, अब अंधेरे का भूत भी भाग गया।

loksabha election banner

न्याय के साथ विकास की प्रतिबद्धता : हमारी प्रतिबद्धता न्याय के साथ विकास की है। मतलब हर इलाके और हर तबके का विकास। बिहार का विकास हो रहा है। सीएम ने युवाओं से पढ़ाई पर ध्यान देने की अपील की।

शिक्षा पर सीएम का रहा जोर : कहा कि इंटर के बाद गरीब बच्चे, उच्च शिक्षा हासिल नहीं कर पाते थे। अब सरकार ने राज्य शिक्षा वित्त निगम की स्थापना की है। गरीब बच्चों को 4 फीसद के न्यूनतम ब्याज पर चार लाख रुपये का ऋण मुहैया कराया जा रहा है। दिव्यांग, ट्रांसजेंडर और लड़कियों को एक फीसद ब्याज लगेगा। नौकरी प्राप्त करने के बाद 82 किस्तों में राशि का भुगतान करना है। अगर कोई पढ़ाई के बाद भी बेरोजगार रह जाता है तो उससे राशि की वसूली नहीं होगी। इसके लिए हर जिले में डीआरसीसी खोला गया है।

दूर होगी अतिक्रमण की परेशानी :

सीतामढ़ी शहर में अतिक्रमण बड़ी परेशानी है। इसे दूर किया जाएगा। अब बिहार के गांव बिजली की रोशनी से गुलजार हैं। हर घर में शुद्ध पेयजल पहुंच रहा है। हर गली में सड़क और पक्की नाली का निर्माण कराया जा रहा है। लगमा स्थित ¨लक सड़क से मेहसौल और मोहनपुर तक 12 किमी लंबी फोरलेन का निर्माण कराया जाएगा। मेहसौल में 72 करोड़ की लागत से आरओबी संपर्क पथ का निर्माण कराया जाएगा। इसकी स्वीकृति दी जा चुकी है। आत्मनिर्भर हो रहीं महिलाएं : उनकी सरकार ने ही नारी सशक्तीकरण की दिशा में काम किया। पंचायती राज और नगर निकायों में 50 फीसद आरक्षण की व्यवस्था दी। महिला आरक्षण के मामले में बिहार में ऐसा पहली बार हुआ। स्वयं सहायता समूह के जरिए महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। साढ़े आठ लाख स्वयं सहायता समूह बन चुका है। इससे 96 लाख परिवार लाभान्वित हो रहे हैं। स्वयं सहायता समूह की महिलाओं की मांग पर हमने सूबे में शराब पर रोक लगाई। पूर्व में 9 वीं कक्षा की महज 1.70 लाख बालिकाएं स्कूल जाती थीं। साइकिल योजना के बाद यह संख्या 9 लाख के पार कर गई। सरकार संवेदनशील है, आपको संवेदनशील होना पड़ेगा।

चुनावी नतीजे की परवाह नहीं : सीएम ने कहा कि हमे कोई परवाह नहीं, चुनाव का नतीजा क्या होगा। जनता मालिक है, वह चाहेगी तो सेवा करूंगा। नहीं चाहेगी तो नहीं करूंगा। केंद्र में मोदी के नेतृत्व में सरकार बनेगी। उन्हें हमारा पूरा समर्थन है। ऊर्जा मंत्री की ओर मुखातिब होते हुए कहा कि हमारी फिर सरकार बनेगी। आप ही ऊर्जा मंत्री बनिएगा। सांसद राम कुमार शर्मा से कहा कि मोदी जी का साथ दीजिए।

इन्होंने किया संबोधित : समारोह को केंद्रीय ऊर्जा राज्य मंत्री आरके ¨सह, सूबे के ऊर्जा मंत्री विजेंद्र यादव, पथ निर्माण मंत्री नंद किशोर यादव, सांसद राम कुमार शर्मा, केंद्रीय ऊर्जा मंत्रालय के संयुक्त सचिव अनिल कुमार वर्मा व ऊर्जा विभाग के प्रधान सचिव प्रत्यय अमृत आदि ने भी संबोधित किया।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.