नेपाल गया वार्ड सदस्य नशे में धराया, मुखिया फरार, स्कार्पियो से मिली शराब
चोरौत में पंचायत चुनाव में जीत का जश्न मुखिया वार्ड सदस्य व समर्थकों को भारी पड़ गया। लौटने पर पुलिस की चेकिग में फंस गए। वार्ड सदस्य नशे की हालत में गिरफ्तार कर लिया गया तो मुखिया अपने समर्थकों संग फरार हो गया।
सीतामढ़ी । चोरौत में पंचायत चुनाव में जीत का जश्न मुखिया, वार्ड सदस्य व समर्थकों को भारी पड़ गया। लौटने पर पुलिस की चेकिग में फंस गए। वार्ड सदस्य नशे की हालत में गिरफ्तार कर लिया गया तो मुखिया अपने समर्थकों संग फरार हो गया। नेपाल की ओर से आ रही सफेद रंग की स्कार्पियो बीआर 06पीसी 0773 को रोकने पर उसपर सवार व्यक्ति भागने लगे। एक व्यक्ति नशे की हालत में पकड़ा गया। जिसने पुलिस की पूछताछ में खुद को सौरिया पंचायत का वार्ड सदस्य बताया। भागे हुए व्यक्तियों में एक नवनिर्वाचित मुखिया भी है जिसका नाम शहाबुद्दीन है। उसके अलावा अन्य लोगों में राजेश महतो, मुकेश कुमार, खालीद अहमद एवं अशोक कामत शामिल हैं। पकड़े गये व्यक्ति को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, चोरौत मे शराब पीने की पुष्टि कराई गई। गिरफ्तार वार्ड सदस्य नानपुर थाना क्षेत्र के सौरिया गांव का रहने वाला है जिसका नाम संतोष मंडल पिता योगी मंडल है। थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि अपराध नियंत्रण एवं मद्य निषेध की रोकथाम के लिए एचपी गैस एजेंसी के समीप वाहन चेकिग के दौरान स्कार्पियो को तलाशी के लिए रोकी गई। जिसमें से वार्ड सदस्य नशे में गिरफ्तार हुआ। स्कार्पियो से नेपाली सौंपी शराब बरामद हुई। स्कार्पियो एवं शराब को जब्त कर लिया यगा है। आरोपितों पर केस दर्ज किया गया है। वार्ड सदस्य को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। नेपाल से मौज-मस्ती कर लौट रहे दो वार्ड सदस्यों के पति स्कार्पियो के साथ गिरफ्तार
पुपरी : नेपाल से मस्ती कर नशे की हालत में घर लौट रहे दो लोगों को पुलिस ने स्कॉर्पियो के साथ गिरफ्तार कर लिया। मेडिकल जांच के बाद गुरुवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पकड़े गए दोनों अनुमंडल क्षेत्र के बोखड़ा प्रखंड अंतर्गत चकौती पंचायत के नवनिर्वाचित वार्ड सदस्या के पति हैं। जानकारी के मुताबिक, चकौती पंचायत के वार्ड 12 निवासी संत कुमार मांझी और वार्ड 16 के राजेश कुमार साह पंचायत के अन्य वार्ड सदस्यों के साथ मौज-मस्ती व पिकनीक मनाने के इरादे से नेपाल गए थे। बुधवार की रात लौटने के क्रम में पुपरी झझिहट चौक पर चेकिग के क्रम में पुलिस के हत्थे चढ़ गए। हालांकि, गाड़ी का चालक भागने में सफल रहा। पुलिस नशे की हालत में मदहोश दोनों लोगों को मेडिकल जांच के लिए पीएचसी ले गई। जहां दोनों में अल्कोहल की पुष्टि होने के बाद स्कार्पियो (बीआर07पीसी/4702) के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। मालूम हो कि इन दिनों प्रमुख व उपप्रमुख ही नहीं उप मुखिया बनने के लिए भी क्षेत्र में खूब खेल चल रहा है। ऐसे नवनिर्वाचित पंचायत समिति सदस्य व वार्ड सदस्यों की मौज-मस्ती और गोलबंदी के लिए नेपाल काफी रास आ रहा है।