दीपोत्सव के साथ शहर में जमकर बरसा बदरा, सीतामढ़ीवासी के साथ भगवान इंद्र भी हुए प्रसन्न
सीतामढ़ी। अयोध्या में प्रभु श्रीराम मंदिर निर्माण के भूमि पूजनोत्सव पर मां जानकी की जन्मस्थली में उत्सवी माहौल है।
सीतामढ़ी। अयोध्या में प्रभु श्रीराम मंदिर निर्माण के भूमि पूजनोत्सव पर मां जानकी की जन्मस्थली में उत्सवी माहौल है। पूरा शहर भगवा ध्वज से पट गया है। मठ-मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। शहर स्थित रजतद्वार जानकी मंदिर व पुनौराधाम जानकी मंदिर की विशेष सजावट की गई है। पूरे मंदिर परिसर को फूलों और रंगीन बल्बों से सजाया गया है। घर-घर पूजा-अर्चना व आरती हो रही है। सवा लाख दीपों से दीपोत्सव हुआ। घर-घर रंगोली भी बनाई गई है। मठ-मंदिरों में रामायण पाठ, भजन-कीर्त्तन का आयोजन किया जा रहा है। भूमि पूजनोत्सव को विहिप, बजरंग दल, मां जानकी जन्मोत्सव आयोजन समिति, परशुराम सेना, ब्रह्मर्षि सेना सहित कई संगठन भूमि पूजनोत्सव को लेकर जगह-जगह आयोजन में जुटे हैं। राममंदिर निर्माण की खुशी में शहर की विभिन्न सड़कें दीपों की रोशनी से नहा उठीं। सीतामढ़ी शहर के सोनापट्टी वार्ड नंबर-8 में 501 दीपों की लड़ियों से सड़क पर श्रद्धालुओं ने जयश्रीराम लिख डाला।
अयोध्या में राममंदिर के बाद सीता मंदिर को लेकर बढ़ी उम्मीदें सीतामढ़ी : अयोध्या में राम मंदिर से पहले बिहार में सीता माता का मंदिर बनाने की मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की घोषणा को अब पूरा करने की लोग मांग कर रहे हैं। सीता माता की जन्मस्थली में पिछले साल सीता मंदिर के जीर्णोद्धार की आधारशिला रखने के बाद मुख्यमंत्री ने खुद इस बात का ऐलान किया था। उन्होंने अपनी घोषणा में कहा था कि ये मंदिर देश का सबसे बड़ा मंदिर होगा। सीता मंदिर के निर्माण के लिए बिहार सरकार ने 20 एकड़ जमीन दी है। जहां एक विशाल मंदिर के साथ भव्य मंदिर परिसर बनाया जाएगा। इस दौरान डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी भी मौजूद थे।