दिल्ली की गद्दी पर पहली बार बैठा है गरीब, अति पिछड़ा का बेटा : सुमो
उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा कि केंद्र में पूर्व की कांग्रेस सरकार एक कमजोर सरकार थी। जबकि आज केंद्र में मजबूत सरकार है।
सीतामढ़ी। उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा कि केंद्र में पूर्व की कांग्रेस सरकार एक कमजोर सरकार थी। जबकि आज केंद्र में मजबूत सरकार है। कांग्रेस सरकार के दौरान देश में कई बड़े आतंकी हमले हुए। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पर निशाना साधते हुए कहा कि कमजोर प्रधानमंत्री हो तो आतंकी हमला होंगे ही। आज हालात अलग है। उपमुख्यमंत्री मंगलवार को परिहार स्थित श्रीगांधी उच्च विद्यालय के मैदान में एनडीए प्रत्याशी सुनील कुमार पिटू के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कश्मीर के 2 जिलों को छोड़ दें तो बीते पांच साल में देश में कोई बड़ा आतंकी हमला नहीं हुआ। दिल्ली की गद्दी पर पहली बार गरीब व अति पिछड़ा का बेटा बैठा है। नरेंद्र मोदी देश के पहले प्रधानमंत्री हैं जो किसी से डरते नहीं। नमो दोस्ती करना जानते हैं तो घर में घुसकर मारना भी जानते हैं। एयर स्ट्राइक के बाद पाकिस्तान वालों ने अभिनंदन को पकड़ लिया। विपक्ष ने खूब मजाक उड़ाया। लेकिन, प्रधानमंत्री के दबाव में पाकिस्तान को 48 घंटे के अंदर अभिनंदन को रिहा करना पड़ा। कहा कि विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ा जा रहा है। आज घर-घर बिजली पहुंच चुकी है। साल के अंत तक हर खेत में बिजली होगी। किसानों को सिचाई के लिए केवल 75 पैसे प्रति यूनिट बिल का भुगतान करना होगा। राजद-कांग्रेस सात जन्म में भी इतना विकास नहीं कर सकता। नरेंद्र मोदी ने 5 साल के शासन में महंगाई पर काबू पाया। यही कारण है कि आज महंगाई कोई मुद्दा नहीं है। भाजपा के 5 साल के शासन में एक भी दंगा नहीं हुआ। उन्होंने सभा में मौजूद लोगों से पूछ कर पिटू को जीत का माला भी पहनाया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा मंडल अध्यक्ष राम विश्वास यादव ने की। संचालन जदयू के प्रखंड अध्यक्ष तेज नारायण यादव ने किया।
किसने क्या कहा : सभा को संबोधित करते हुए विधान पार्षद देवेशचंद्र ठाकुर ने कहा कि एक तरफ एनडीए के रूप में जनता का बंधन है तो दूसरी ओर महागठबंधन। विपक्ष हमारी सेना का मनोबल तोड़ने का काम कर रही है। जबकि नरेंद्र मोदी ने सेना का मनोबल बढ़ाया है। प्रधानमंत्री मोदी ने पूरी दुनिया में भारत का सम्मान बढ़ाया है। प्रधानमंत्री के धाक का ही नतीजा है कि मुस्लिम कंट्री अबू धाबी में मंदिर का शिलान्यास हुआ। पूर्व विधायक राम नरेश यादव ने कहा कि नोटबंदी से अवैध धन रखने वालों को परेशानी हुई। वहीं आम लोगों को खुशी मिली। नरेंद्र मोदी के नाम पर सारे वोटर उत्साहित हैं। कुछ लोग गम भुलाने की कोशिश कर रहे हैं। हमें यादव समाज से भी भारी वोट मिलेगा। पूर्व विधायक रामनरेश यादव ने कहा कि राजद में कुछ घमंडी प्रवृत्ति के लोग हैं। इसके चलते आज राजद की यह दुर्दशा हुई है। आज गांव गलियों में मोदी, मोदी का नाम गूंज रहा है। पूरे देश की जनता नरेंद्र मोदी के साथ है। यादव जाति के 50 फीसद से अधिक लोग एनडीए के साथ हैं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए लिए प्रत्याशी सुनील कुमार पिटू ने कहा कि डॉक्टर वरुण द्वारा लिखित रूप में चुनाव लड़ने में असमर्थता जताने के कारण मुझे टिकट मिला। इस कारण मैं उनका ऋणी हूं।
यह भी रहे मौजूद : कार्यक्रम में विधान पार्षद रामेश्वर महतो, पूर्व विधान पार्षद राजकिशोर कुशवाहा, विधायक गायत्री देवी, पूर्व विधायक गुड्डी चौधरी, राजेश चौधरी, पूर्व सांसद नवल किशोर राय, पूर्व विधायक जयनंदन यादव, जदयू जिलाध्यक्ष राणा रणधीर सिंह, आशुतोष कुशवाहा, मोहम्मद यूसुफ, मोहन राउत, सुनील मंडल, पितांबर सिंह, राकेश कुमार सिंह, आग्नेय कुमार आदि मौजूद रहे।