1136 प्रवासी ट्रेन से उतरे, आज सिकंदराबाद से आएंगे 1260
सीतामढ़ी। लुधियाना रेलवे स्टेशन से 1136 प्रवासियों का जत्था बुधवार को फिर सीतामढ़ी पहुंचा।
सीतामढ़ी। लुधियाना रेलवे स्टेशन से 1136 प्रवासियों का जत्था बुधवार को फिर सीतामढ़ी पहुंचा। श्रमिक स्पेशल ट्रेन उनको लेकर पहुंची। प्रवासियों को लाने वाली ये पांचवी खेप रही। इन प्रवासियों में 1132 सीतामढ़ी के हैं। रेलवे स्टेशन पर उतरने के साथ ही सबकी थर्मल स्क्रीनिग कराई गई। उनके लगेज को सैनिटाइज किया गया। 70-80 श्रमिकों के शरीर का तापमान अत्यधिक पाए जाने पर कोरोना के लक्षणों का संदेह हुआ तो प्रशासन का माथा ठनक उठा। तुरंत उनको वृक्ष के छांव में खड़ा गया तो कुछ देर में उनका तापमान नीचे आया। एक व्यक्ति के तापमान में कमी नहीं होने पर क्वारंटाइन सेंटरों की बजाए आइसोलेशन सेंटर भेजना पड़ा। उनको अलग कमरे में रखने की विशेष व्यवस्था की गई है। इनकी दोबारा स्क्रीनिंग कर जांच करवाई जाएगी। ट्रेन के पहुंचते ही सभी प्रवासियों को शारीरिक दूरी का पालन कराते हुए उतारा गया। एक-एक कर उनके लिए निर्धारित बसों में बिठाकर क्वारंटाइन कैंप भेजा गया। 63 बसें उनको पहुंचाने के लिए स्टेशन के बाहर खड़ी थीं। ट्रेनों से आने वाले लोगों में अधिकतर रेडजोन से पहुंच रहे हैं। उनके चलते ही कोरोना के अभी तक कई केस सामने आ चुके हैं। सीतामढ़ी में उतरने वालों में चार लोग मुजफ्फरपुर में कोरोना पॉजिटिव पाए जा चुके हैं।
सीतामढ़ी समेत इन जिलों के प्रवासी आए: बैगेनिया के 12, मेजरगंज 27, सूप्पी 27, रीगा, पचासी, डुमरा के 155, रुन्नीसैदपुर 22, परिहार 325, सोनबरसा 201, बथनाहा 46, पुपरी 27, बाजपट्टी 96, बोखड़ा 10, नानपुर 61, चेरौत एक, सुरसंड 41, बेलसंड 19 और परसौनी के 32 श्रमिक ट्रेन से आए। पूर्वी चम्पारण के दो और मुजफ्फरपुर के दो लोग शामिल थे। इन्हें इनके संबंधित प्रखंडों के क्वारंटाइन सेंटर बसों से रवाना किया गया। इनमें से अधिकांश लुधियाना में होजियरी का काम करते हैं। इनसे बात करने पर पता चला कि ये लोग पैंट, शर्ट, कुर्ता-पाजामा की सिलाई व कढ़ाई में दक्ष हैं। स्टेशन पर फिर नहीं पहुंच पाए डीएम-एसपी:
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में प्रवासियों को उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया। हालांकि, तीसरी बार डीएम अभिलाषा कुमारी शर्मा व एसपी अनिल कुमार स्टेशनों पर नहीं पहुंच पाए। अपर अनुमंडल पदाधिकारी सदर रुचिका माद्री के हाथों विधि-व्यवस्था के सारे बंदोबस्त थे। साथ में सीनियर डिप्टी कलेक्टर नीलम कुमारी, सोनी कुमारी व कुमारी रंजना भारती के साथ आरपीएफ इंस्पेक्टर धर्मेंद्र कुमार, उप निरीक्षक पीके झा, जीआरपी प्रभारी राजकुमार राय व स्टेशन अधीक्षक मदन प्रसाद भी बंदोबस्त में डटे हुए दिखाई पड़े।