मोकामा MLA के समर्थन में आए कुशवाहा के ये नेता, कहा- अनंत सिंह अपराधी नहीं हैं
मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह खुद को कांग्रेसी उम्मीदवार मानने लगे हैं। वे दो दिन पहले रोड शो भी कर आए। अब उनके पक्ष में महागठबंधन का महत्वपूर्ण घटक दल रालोसपा भी आ गई है।
शेखपुरा [जेएनएन]। मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह खुद को कांग्रेसी उम्मीदवार मानने लगे हैं। वे दो दिन पहले रोड शो भी कर आए। रोड शो में उमड़ी जबर्दस्त भीड़ से वे काफी उत्साहित हैं। अब उनके पक्ष में महागठबंधन का महत्वपूर्ण घटक दल रालोसपा भी आ गई है। रालोसपा के प्रदेश अध्यक्ष भूदेव चौधरी ने अनंत सिंह का पुरजोर समर्थन किया है। गौरतलब है कि पिछले दिनों नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने अनंत सिंह को बैड एलिमेंट बताया था।
रालोसपा के प्रदेश अध्यक्ष भूदेव चौधरी ने कहा कि अनंत सिंह कोई अपराधी नहीं हैं, बल्कि वे जनता के प्रतिनिधि हैं। उन्होंने साफ कहा कि अगर अनंत सिंह महागठबंधन में आते हैं, तो उनका स्वागत है। उन्होंने कहा कि अनंत सिंह के खिलाफ दर्ज विभिन्न तरह के मुकदमे पर निर्णय देना कोर्ट का काम है। उन्होंने कहा कि फिलहाल वे जनता के प्रतिनिधि हैं।
भूदेव ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि बिहार में महागठबंधन में सीट शेयरिंग का मामला निबटा लिया गया है। यहां सीटों को लेकर कोई संशय नहीं है। उन्होंने कहा कि बहुत जल्द बिहार में महागठबंधन की सीटों के साथ-साथ उम्मीदवारों के नाम भी घोषित कर दिये जायेंगे।
उन्होंने बिहार की शिक्षा व्यवस्था पर बरसते हुए कहा कि बिहार में सरकारी स्कूलों की बदतर शिक्षा व्यवस्था को सुधारना महागठबंधन के चुनावी घोषणा पत्र का मुख्य बिंदु रहेगा। नीतीश सरकार की गलत नीतियों की वजह से सूबे के सरकारी स्कूलों का हाल बदतर हो गया है। उन्होंने कहा कि शिक्षालय अब भोजनालय का स्वरूप धारण कर लिया है। स्कूलों की निगरानी और मॉनिटरिंग करने वाले अधिकारी के साथ-साथ अभिभावक भी अब बच्चों की पढ़ाई से अधिक इस बात पर अधिक ध्यान देते हैं कि आज एमडीएम मिला कि नहीं और मिला तो क्या मिला।
उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों की इसी बदतर व्यवस्था में सुधार के लिए उनकी पार्टी शिक्षा सुधार-जन-जन का अधिकार कार्यक्रम चला रही है। इसे लेकर एक करोड़ लोगों का हस्ताक्षर कराने के टारगेट में अब तक 47 लाख हस्ताक्षर लिए जा चुके हैं। बता दें कि शेखपुरा में रविवार को कई कार्यक्रम आयोजित किए गए थे। इन्हीं कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए भूदेव चौधरी शेखपुरा पहुंचे हुए थे।
बता दें कि पिछले दिनों रांची जाने के क्रम में तेजस्वी यादव से जब मीडिया ने अनंत सिंह को लेकर सवाल पूछा तो उनका कहना था कि महागठबंधन में बैड एलिमेंट की जरूरत नहीं है। मीडिया ने यह भी पूछा था कि अनंत सिंह तो लालू प्रसाद का गुणगाान कर रहे हैं, इस पर उन्होंने कहा था कि इससे कोई फर्क नहीं पड़ता है। गौरतलब है कि अनंत सिंह ने खुद को कांग्रेस का उम्मीदवार मान रहे हैं और मोकामा से मुंगेर तक वे रोड शो भी कर चुके हैं। हालांकि कांग्रेस भी फिलहाल माेकामा विधायक अनंत सिंह से परहेज ही कर रही है।