शेखपुरा में पूर्व सांसद की हत्या व नवादा जेल ब्रेक कांड में अभियुक्त का मर्डर, ससुराल में मिला अधजला शव
पूर्व सांसद राजो सिंह की हत्या सहित नवादा जेल ब्रेक कांड एवं गांव के ही पंचायत समिति सदस्य के मर्डर के आरोपित की शेखपुरा में अधजली लाश मिलने से सनसनी फैल गई।
शेखपुरा, जेएनएन। लॉकडाउन के दौरान जिले में मंगलवार की सुबह अरियरी थाना क्षेत्र के ससबहना गांव निवासी कुख्यात अपराधी कमलेश महतो की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। कमलेश का शव जमुई जिले के चंद्रदीप थाना के कुतुब गांव स्थित उसके ससुराल में अधजली अवस्था में बरामद किया गया। मृतक कमलेश पूर्व सांसद राजो सिंह की हत्या सहित नवादा जेल ब्रेक कांड एवं गांव के ही पंचायत समिति सदस्य के मर्डर सहित कई हत्या, अपहरण, लूट के मामले में नामजद अभियुक्त था। जानकारी मिलने पर पुलिस मामले की छानबीन करने पहुंच गई है।
ससुराल से कर रहा था आपराधिक गिरोह का संचालन
मिली जानकारी के अनुसार कमलेश महतो अपने ससुराल कुतुब में रहता था। वहीं से वे अापराधिक गिरोह का संचालन कर रहा था। इसको लेकर उसकी कई लोगों से रंजिश चल रही थी। कहा जाता है कि कमलेश की हत्या गैंगवार में की गई है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने उसकी लाश बरामद कर ली है। घटना की सूचना कमलेश के स्वजनों को दे दी गई है। हत्या किसने की ? ये अभी साफ नहीं हो सका है, हालांकि पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। कुख्यात अपराधी का अधजला शव मिलने से गांव में तरह-तरह की चर्चाओं का बाजार गर्म है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है।
कई मामले में था अभियुक्त
बताते चलें कि कुख्यात कमलेश महतो सांसद रहे राजो सिंह की हत्या में भी नामजद अभियुक्त था। इस मामले में वे कई सालों तक जेल में बंद रहा था। इसके साथ ही नवादा जेल ब्रेक कांड में भी उसकी संलिप्ता सामने आई थी। गांव के ही पंचायत समिति सदस्य के मर्डर सहित कई हत्या, अपहरण, लूट के मामले में कुख्यात कमलेश नामजद अभियुक्त था।