लोक अदालत में ढाई सौ से अधिक मामले निबटाए गए
जागरण संवाददाता शेखपुरा शनिवार को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में शेखपुरा में ढाई स
जागरण संवाददाता, शेखपुरा :
शनिवार को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में शेखपुरा में ढाई सौ से अधिक मामले निबटाये गए। इसमें अधिकांश मामले बैंक ऋण से जुड़े हैं। जानकारी देते हुए विधिक संघ के उपाध्यक्ष चंद्रमौली यादव ने बताया लोक अदालत में शेखपुरा न्यायिक जिला का काम पहले भी अच्छा रहा है। इसके पहले न्यायालय परिसर में अपर जिला सत्र न्यायधीश प्रथम ग्यासउद्दीन ने दीप प्रज्वलित करके लोक अदालत का शुभारंभ किया। उन्होंने जिला सत्र न्यायधीश का प्रतिनिधित्व करते हुए यह जिम्मेवारी निभाई। कार्यक्रम में जिला विधिक प्राधिकार के सचिव तथा एडीजे विवेकानंद, दूसरे न्यायिक पदाधिकारी के साथ जिला प्रशासन एक प्रतिनिधि के रूप में एडीएम सत्यप्रकाश शर्मा भी शामिल हुए। एडीजे विवेकानंद ने कहा कि लाचार और मजबूर लोगों को विधिक सहायता प्रदान करने के लिए जिला विधिक प्राधिकार पूरी क्षमता से काम कर रहा है। लोग इसकी सेवा ले भी रहे हैं। अभी भी लोगों में इसके प्रति जागरूकता की कमी है। अधिवक्ताओं से लोगों में जागरूकता पैदा करने की अपील की। लोक अदालत के बारे में कहा कि केस-मुकदमों में सुलह के लिए यह सबसे बेहतर और कारगर मंच है। इसमें दोनों पक्षों की आपसी सहमति से मामलों का निष्पादन किया जाता है। विधिक संघ के अरविद कुमार सिंह, विनोद कुमार सिंह, चंद्रमौली यादव ने ऋण के पुराने मामले निबटाने में बैंक अधिकारियों से मुट्ठी और दिल दोनों खुला रखने की अपील की।
अमृत सरोवर योजना से जिले में बनेंगे 75 तालाब
जागरण संवाददाता शेखपुरा
जल संचय की नई पहल के तहत शुरू हुई अमृत सरोवर योजना से जिले में 75 तालाब बनाए जाएंगे। इसके लिए प्रखंडों को भी टारगेट तय किया गया है। जिला प्रशासन से मिली जानकारी में बताया गया कि यह योजना मुख्य रूप से नया तालाब बनाने के लिए है, मगर शेखपुरा जिला में कोई नया तालाब बनाने के बजाय पुराने तालाबों का जीर्णोद्धार किया जाएगा। इस कार्य पर मनरेगा की राशि खर्च की जाएगी। योजना के दिशा-निर्देश के मुताबिक तालाब एक से पांच एकड़ के रकवा का होगा। अमृत सरोवर योजना के तहत जिले के सदर प्रखंड शेखपुरा में सबसे अधिक 20 तालाब के जीर्णोद्धार का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। चेवाड़ा में 16,अरियरी में 12, बरबीघा में 12, घाटकुसुंभा में सात और शेखोपुरसराय में पांच तालाब का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। यह योजना आजादी के 75 साल पूरे होने पर देश भर में चल रहे अमृत महोत्सव के तहत शुरू हुई है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में जल संचय के मामले में क्रांति आने की उम्मीद है।