शेखपुरा नगर में सामने आया कोरोना का सामुदायिक फैलाव, भोज में शामिल हुए पॉजिटिव से बढ़ा खतरा
शनिवार को शेखपुरा में कोरोना वायरस का सामुदायिक फैलाव सामने आया। भोज में शामिल संक्रमित से कोरोना के सामुदाकि फैलाव की आशंका बढ़ गई है।
जागरण संवाददाता, शेखपुरा: शनिवार को शेखपुरा में कोरोना वायरस का सामुदायिक फैलाव सामने आया है और इसके चैन बनने का भी पता नहीं लग सका है। साथ ही पॉजिटिव पाए गए लोगों के सामाजिक भोज में शामिल होने से कोरोना के फैलने का खतरा अधिक बढ़ गया है। स्वास्थ्य विभाग के द्वारा चैन बनने से रोकने के लिए नगर परिषद के भिठ्ठापर मोहल्ले को कंटेनमेंट जोन घोषित करते हुए नाकेबंदी कर दी गई है। साथ ही साथ वहां सैनिटाइजेशन का काम भी कराया गया है।
शनिवार को शेखपुरा जिले में पांच कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। जिसमें तीन शेखपुरा नगर परिषद क्षेत्र के खांडपर मोहल्ले के भिठ्ठापर क्षेत्र के हैं जबकि एक शेखोपुरसराय डीह तथा एक अरियरी प्रखंड का है। जानकारी देते हुए एसीएमओ डॉ कृष्ण मुरारी प्रसाद सिंह ने बताया कि शेखपुरा नगर की एएनएम महिला जांच में पॉजिटिव रिपोर्ट आने पर उसके पति और बच्चे की भी जांच की गई जिसका भी रिपोर्ट पॉजिटिव आया है। इसके बाद क्षेत्र को कंटेनमेंट क्षेत्र घोषित कर दिया गया है। वहीं स्थानीय लोगों से मिली जानकारी में बताया गया कि महिला के पति के द्वारा सामाजिक भोज में भी भागीदारी दी गई है। जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए थे। सभी को शेखपुरा जिले के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया है। कोरोना पॉजिटिव की संख्या 143
जासं, शेखपुरा:
शनिवार को पांच नए कोरोना पॉजिटिव मरीज मिलने के बाद जिले में कोरोना पॉजिटिव की संख्या बढ़कर 143 हो गई। इसमें 123 लोग कोरोना वायरस से ठीक हो कर घर चले गए हैं। वहीं आइसोलेशन वार्ड में अब 20 कोरोना पॉजिटिव का इलाज किया जा रहा है।
सतर्क होने की अपील
जासं, शेखपुरा:
कोरोना पॉजिटिव के बढ़ते खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन के द्वारा लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है। कहा गया है कि भयभीत होने की जरूरत नहीं है। लोग कोरोना से सावधान रहें। किसी तरह की परेशानी होने पर हेल्पलाइन नंबर 06341-225172 पर संपर्क करें। साथ ही मास्क लगाना, शारीरिक दूरी बनाना, साबुन से हाथ धोना जैसे उपायों को लगातार अपनाते रहे। किसी तरह की आशंका होने पर नजदीक के स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर कोरोना की जांच करवाया जा सकता है।