दो माह से फरार तीन हत्यारोपी गिरफ्तार
बीते दो माह से पुलिस के साथ लुका छिपी कर रहे तीन हत्यारोपियों को आखिरकार तरियानी छपरा पुलिस ने दबोच लिया।
शिवहर। बीते दो माह से पुलिस के साथ लुका छिपी कर रहे तीन हत्यारोपियों को आखिरकार तरियानी छपरा पुलिस ने दबोच लिया। एसपी संतोष कुमार के निर्देशन में तरियानी छपरा थानाध्यक्ष सह कांड के अनुसंधानकर्ता देवकुमार तिवारी ने तीनों आरोपितों को दबोच लिया। इसे लेकर एसपी कार्यालय में प्रेसवार्ता आयोजित की गई। एसपी श्री कुमार ने बताया कि बताया 20 जुलाई 18 को तरियानी छपरा थाना में प्राथमिकी कांड संख्या 61/18 दर्ज कराई गई थी। जिसमें बताया गया था कि सुल्तानपुर गांव में दो पक्षों के बीच भूमि विवाद हुआ था। जिसमें अभियुक्त पक्ष के दिनेश महतो, राजेश महतो, फुलगेन महतो, शंभू महतो, चंदन कुमार एवं अमृतेश कुमार ने कृष्ण कुमार के परिवार के लोगों को लाठी डंडे और रॉड से बुरी तरह पीटा। इस दौरान कृष्ण कुमार की मां तेतरी देवी के सिर पर वार करने से गंभीर चोटें आई। जिससे इलाज के दौरान उक्त महिला की मृत्यु हो गई थी। उसके बाद से फरार चल रहे अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास चल रहा था। इस बीच की अवधि में अभियुक्त चंदन कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जआ चुका है। वहीं थानाध्यक्ष देवकुमार तिवारी ने तीन आरोपितों क्रमश: दिनेश महतो, राजेश महतो एवं शंभू महतो को गिरफ्तार कर लिया। जिसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। एसपी संतोष कुमार ने कहा की गांव हो या शहर जमीनी विवाद को लेकर अक्सर शांति भंग होती है। ऐसे में चाहिए कि जमीनी विवाद सुलझाने के लिए थानाध्यक्ष एवं सीओ संयुक्त रूप से शनिवार को बैठक कर जमीनी विवाद निबटाते हैं। अपील की गई कि जमीन से जुड़े अभिलेख के साथ थानाध्यक्ष को आवेदन दें। शिविर के माध्यम से मामले को सुलझाया जा सकता है। बेवजह फौजदारी लड़ने से किसी को क्या हासिल हो जाएगा। आपसी सहमति से सुलझाए इससे आपसी फसाद कम होंगे वहीं समाज में बेहतर माहौल बनेगा। बावजूद इसके अगर झगड़े होते हैं तो पुलिस द्वारा कार्रवाई की जाएगी। जिसमें किसी को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।