गिरधारी सहनी हत्याकांड में तीन गिरफ्तार, गांव में तनाव बरकरार
शिवहर। तरियानी थाने के छतौनी गांव में शुक्रवार की रात हुई गिरधारी सहनी हत्याकांड में पुलिस ने हत्यारोपी रोहित सहनी उसकी पत्नी रूबी देवी और पुत्री अंजली कुमार को गिरफ्तार कर रविवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
शिवहर। तरियानी थाने के छतौनी गांव में शुक्रवार की रात हुई गिरधारी सहनी हत्याकांड में पुलिस ने हत्यारोपी रोहित सहनी, उसकी पत्नी रूबी देवी और पुत्री अंजली कुमार को गिरफ्तार कर रविवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। रोहित सहनी के पिता कलेवर सहनी का पुलिस हिरासत में इलाज जारी है। घटना की बाबत गिरधारी सहनी की पत्नी रामवती देवी के बयान पर तरियानी थाने में हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने शेष आरोपितों की तलाश में छापेमारी तेज कर दी है। थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर शोभाकांत पासवान के नेतृत्व में अवर निरीक्षक चंद्रशेखर आजाद व सहायक अवर निरीक्षक सुनील कुमार सिंह की टीम छापेमारी कर रही है।
शुक्रवार की रात छतौनी वार्ड तीन में भूमि विवाद में रोहित सहनी ने लाठी-डंडों से पीट-पीटकर अपने पट्टीदार गिरधारी सहनी उर्फ बेचू सहनी की हत्या कर दी थी। शनिवार की सुबह घटना से नाराज लोगों ने हंगामा किया था। लोगों ने गश्ती दल के सामने पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए शनिवार की सुबह मामले की जांच करने पहुंची पुलिस टीम के साथ दुर्व्यवहार किया था। साथ ही पुलिस टीम को खदेड़ कर भगा दिया था। जबकि, हत्यारोपी रोहित सहनी के पिता कलेवर सहनी की पिटाई कर दी थी। वहीं उसकी पत्नी और बेटी को बंधक बना लिया था। घटना के बाद गांव में जबरदस्त तनाव था। थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पहुंची पुलिस टीम ने रोहित सहनी की पत्नी और बेटी को मुक्त कराते हुए ग्रामीणों की पिटाई से जख्मी कलेवर सहनी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया था। पुलिस ने पोस्टमार्टम बाद गिरधारी का शव उसके स्वजनों को सौंप दिया था। जबकि, थाने में मामला दर्ज करने के बाद तीनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इधर, वारदात के बाद रविवार को भी गांव में तनाव बरकरार है।