शिवहर में दिखी गंगा जमुनी तहजीब की मिसाल
शुक्रवार का दिन शिवहर में इतिहास रच गया। यहां गंगा जमुनी तहजीब की अछ्वुत मिसाल देखने को मिली।
शिवहर। शुक्रवार का दिन शिवहर में इतिहास रच गया। यहां गंगा जमुनी तहजीब की अछ्वुत मिसाल देखने को मिली। एक ओर जहां अरेराज जानेवाले कांवरियों का जत्था बोल बम एवं हर हर महादेव का नारा लगाता मस्जिदों के पास से गुजरा वहीं दूसरी ओर मंदिरों के पास से मोहर्रम का ताजिया या हुसैन अल्लाहू अकबर के नारों के साथ गुजरता दिखा। जिसमें सभी एक दूसरे का सहयोग करते नजर आए। आपसी मिल्लत और भाईचारे की इससे नायाब तस्वीर कोई और हो ही नहीं सकती। इस तरह मोहर्रम का पर्व जिले में सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया गया जिसकी उम्मीद सबों को थी। जिला प्रशासन ने भी एहतियातन अपने स्तर से मुकम्मल तैयारी कर रखी थी। जिला मुख्यालय से लेकर सुदूर गांव तक सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए थे। चिन्हित स्थानों पर अल्लसुबह से दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी सहित सशस्त्र पुलिस बल ने अपना दायित्व संभाल रखा था। वहीं मॉनीट¨रग के लिए पदाधिकारियों की पूरी पलटन अलग दिशाओं में मूव करते दिखे। कहना न होगा कि इसके लिए डीएम अरशद अजीज एवं एसपी संतोष कुमार ने कई दौर की शांति समिति की बैठकें आयोजित की थीं। इसके अतिरिक्त सभी थाना मुख्यालयों में भी शांति समिति की बैठक आयोजित कर इसकी पृष्ठभूमि तैयार की गई थी। इन सबके बावजूद सबसे बड़ी बात कि जिले के अमनपसंद लोग आपसी भाईचारे में विश्वास करते हैं, जिसका प्रतिफल आज देखने को मिला मुहर्रम का पर्व शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया।