पुण्यतिथि पर पूर्व केंद्रीय मंत्री की प्रतिमा का अनावरण
पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व. रघुनाथ झा की दूसरी पुण्यतिथि उनके पैतृक गांव अंबा कला में समारोहपूर्वक मनाई गई।
शिवहर। पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व. रघुनाथ झा की दूसरी पुण्यतिथि उनके पैतृक गांव अंबा कला में समारोहपूर्वक मनाई गई। इस दौरान उनके अंतेष्टि स्थल पर उनकी प्रतिमा एवं पास ही पत्नी देवकर्मा देवी की प्रतिमा का अनावरण किया गया।
इस मौके पर संगीतमय भजन कीर्तन का भी आयोजन किया गया था। पुण्यतिथि समारोह में बड़ी संख्या में गण्यमान्य एवं प्रशंसकों का हुजूम दिखा। सबने बारी बारी प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
वहीं इस दौरान स्व. रघुनाथ झा के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर चर्चा हुई। उन्हें महान जननेता बताया गया। वहीं पांच प्रखंड के शिवहर को जिला बनाने वाले स्व. झा को शिवहर का जनक बताते हुए वर्तमान जन प्रतिनिधियों को उनसे सीख लेने की जरूरत बताई गई। कहा कि जिले के विकास के लिए सदैव चितित रहने वाले ऐसे विरले नेता को कभी भुलाया नहीं जा सकता।
वहीं इस बात को लेकर असंतोष भी जाहिर किया गया कि जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट में ऐसे महान नेता की प्रतिमा लगाने की घोषणा वर्तमान सीएम नीतीश कुमार ने स्वयं की थी जिसे दो वर्षों बाद भी पूरा नहीं किया गया। हालांकि उम्मीद जताई गई कि सीएम अपना वादा पूरा करेंगे।
मौके पर उनके पुत्र पूर्व विधायक अजीत कुमार झा, भतीजा डॉ. अनिल सुलभ , पौत्र नवनीत झा, पूर्व मंत्री सूर्यदेव राय, वर्तमान विधायक मो. शर्फुद्दीन, विधान पार्षद दिलीप यादव, पूर्व विधायक संजय गुप्ता, राजद जिलाध्यक्ष सुमित कुमार उर्फ दीपू वर्मा, जिला प्रवक्ता प्रेमशंकर पटेल, पूर्व मुखिया सह मुखिया संघ जिलाध्यक्ष संजय कुमार वर्मा उर्फ डब्बू, पूर्व जिप सदस्य अजबलाल चौधरी, रालोसपा जिलाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह, लोजपा जिलाध्यक्ष विजय कुमार पांडेय, सीताराम झा, कृष्ण कांत झा उर्फ बच्चा झा, दीनबंधु शर्मा, धीरज कुमार उर्फ तारकेश्वर पांडेय, ध्रुवकांत ओझा एवं नरेंद्र झा सहित सैंकड़ों लोग मौजूद थे।