धान अधिप्राप्ति के लिए अधिकाधिक किसानों का निबंधन करने का आदेश
शिवहर। धान अधिप्राप्ति के लिए आनलाईन निबंधन के प्रति किसानों में जागरूकता का अभाव दिख रहा
शिवहर। धान अधिप्राप्ति के लिए आनलाईन निबंधन के प्रति किसानों में जागरूकता का अभाव दिख रहा है। 30 हजार टन धान की खरीदारी के लक्ष्य के विरूद्ध अब तक महज 206 किसानों ने ही धान की बिक्री के लिए आनलाईन निबंधन कराया है। काफी कम संख्या में किसानों के निबंधन को लेकर एसडीओ मो. इश्तियाक अली अंसारी ने चिता जताई है। वहीं सभी प्रखंड सहकारिता पदाधिकारियों को किसानों को जागरूक करते हुए अधिक से अधिक किसानों का आनलाईन निबंधन कराने का निर्देश दिया। ताकि, अधिक से अधिक किसान सरकार द्वारा तय समर्थन मूल्य पर धान बेच सके। मंगलवार को अनुमंडल कार्यालय में आयोजित बैठक में एसडीओ ने जिले में धान अधिप्राप्ति की समीक्षा की। इस दौरान पाया गया कि जिले के पिपराही प्रखंड में महज छह किसानों ने धान की बिक्री के लिए आनलाईन निबंधन कराया है। जबकि, पुरनहिया प्रखंड में 20, तरियानी में 17, डुमरी कटरी में 31 व शिवहर प्रखंड में 132 समेत कुल 206 किसान ही निबंधन करा सके है। एसडीओ ने सभी प्रखंड सहकारिता पदाधिकारियों को गोदामों का निरीक्षण करने और वैसे गोदाम जहां नमी मापक यंत्र खराब है, वहां अविलंब यंत्र को ठीक कराने का निर्देश दिया। बैठक में मौजूद सहकारिता प्रसार पदाधिकारी संजय कुमार ने बताया कि जिले में 30 हजार टन धान की खरीदारी का लक्ष्य है। 23 नवंबर से 31 मार्च 2021 तक खरीदारी के लिए समय तय किया गया है। धान अधिप्राप्ति के लिए किसानों के कम निबंधन पर एसडीओ ने जताई चिता। एसडीओ ने की धान अधिप्राप्ति की समीक्षात्मक बैठक में सहकारिता प्रसार पदाधिकारी को दिए कई निर्देश।