स्नान और दान का महापर्व मकर संक्रांति आज
शिवहर। स्नान-दान का महा पर्व मकर संक्रांति जिले में गुरुवार को मनाया जाएगा। इस दौरान लोग जह
शिवहर। स्नान-दान का महा पर्व मकर संक्रांति जिले में गुरुवार को मनाया जाएगा। इस दौरान लोग जहां डुब्बाघाट, अदौरी घाट और बेलवा घाट आदि विभिन्न नदी घाटों पर आस्था का स्नान करेंगे, वहीं दीन-दुखियों को दान कर पुण्य के भागी बनेंगे। इस अवसर पर देकुली धाम समेत विभिन्न शिवालयों में जलाभिषेक करेंगे। इसके अलावा विभिन्न मंदिरों में भी पूजन-अर्चन और दर्शन को श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ेगी। गुरुवार को जलाभिषेक को लेकर देकुली धाम मंदिर तैयार है। इस पर्व दही-चुड़ा और तिलकुट का भोजन करने की परंपरा है। इधर, कुछ इलाकों में शुक्रवार को भी मकर सक्रांति का पर्व मनाया जाएगा। इसी बीच मकर संक्रांति को लेकर बुधवार को बाजार की रंगत में निखार दिखा। शहर से लेकर गांव तक बाजार ग्राहकों से गुलजार रहे। वहीं पर्व को लेकर लोगों में उत्साह रहा। गांव से लेकर शहर तक तिलकुट के दुकान सजे रहे, जहां ग्राहक खरीदारी करते रहे। इसके अलावा चुड़ा, मुढ़ी और लाई की भी जम कर बिक्री हुई। दूध और दही की खरीदारी को भी कतार लगी रही। जबकि सब्जी बाजार भी ग्राहकों से पटा रहा। महंगाई के बावजूद लोगों ने जम कर खरीदारी की। सूर्य के मकर राशि में प्रवेश करने को मकर संक्रांति कहा जाता है। पंडित गिरधर गोपाल चौबे के अनुसार इस वर्ष मकर संक्रांति का पर्व गुरुवार को मनाया जाएगा। इस दिन सूर्य देव सुबह साढ़े आठ बजे मकर राशि में प्रवेश करेंगे। गुरुवार को मकर संक्रांति का पुण्य काल शाम 5.46 बजे तक कुल नौ घंटे 16 मिनट का है। बताया कि मकर संक्रांति के दिन स्नान, दान और सूर्य देव की आराधना का विशेष महत्व होता है।