गुरु मेरी पूजा, गुरु गोविद..
गुरु की महिमा का बखान सभी धर्म शास्त्रों में वर्णित है।
शिवहर। गुरु की महिमा का बखान सभी धर्म शास्त्रों में वर्णित है। सरल सी बात जो सामान्य तौर पर कही और सुनी जाती है कि बिना गुरु के ज्ञान की प्राप्ति कदापि संभव नहीं है। बिना ज्ञान के मानव जीवन का सार ही नहीं है। तभी तो गुरु को गोविद से से श्रेष्ठ स्थान दिया गया है। शनिवार को जिले में गुरु पूर्णिमा का पर्व पूर्व की भांति नहीं वरन निजी तौर पर अपने घरों में मनाया गया। वजह बस वही कोरोना संक्रमण का भय जो वर्तमान में आवश्यक है।
इस दौरान विभिन्न आध्यात्मिक संगठन के लोगों ने अपने अपने गुरु को स्मरण किया। आवाहन पूजा अर्चना के पश्चात विसर्जन किया। जिला गायत्री परिवार के सदस्यों ने भी अपने अपने घरों मंत्र जाप एवं हवन यज्ञ किए। पूजा के दौरान सकल विश्व के कल्याण की कामना की। लोगों में भक्तिभाव चरम पर दिख रहा। गुरु वंदना के स्वर सुनाई दे रहे।