मतदाताओं के हौसले के सामने फीकी पड़ी तीखी धूप
शिवहर। लोकतंत्र का महापर्व रविवार को मनाया गया। सुबह तय समय पर सूर्य उदय हुआ। पुरवईया हवा के झोकों से रात की गर्मी से लोग सुबह थोड़ी राहत महसूस कर रहे थे।
शिवहर। लोकतंत्र का महापर्व रविवार को मनाया गया। सुबह तय समय पर सूर्य उदय हुआ। पुरवईया हवा के झोकों से रात की गर्मी से लोग सुबह थोड़ी राहत महसूस कर रहे थे। सुबह में तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहा। दोपहर में 40 डिग्री तक पहुंच गया। मतदान शुरू होने से पहले ही बूथों पर मतदाताओं की कतारें लगने लगीं। धूप तेज होने से पहले मतदाता मतदान कर घर वापस लौटना चाह रहे थे। सुबह के समय लगभग दस बजे तक मौसम का साथ मतदाताओं को मिला। उसके बाद धूप तीखी होने लगी। जैसे-जैसे दिन ढलता गया, तापमान का पारा भी चढ़ता गया। तेज धूप से बचाव के लिए अधिकांश बूथों पर टेंट नहीं लगे थे। हालांकि, मतदाताओं के जोश के सामने तेज धूप भी फीकी पड़ने लगी। दोपहर के समय भी अधिकांश बूथों पर मतदाताओं की कतार रुकी नहीं। पुरुष हों या महिलाएं, अपनी-अपनी पंक्ति को छोड़ने के लिए टस से मस नहीं हो रहे थे। इस बीच कई लोग पंक्ति में धूप से बचने के लिए सिर को गमछा से ढककर अथवा छाता लेकर अपनी बारी का इंतजार करते रहे।
हरनाही गांव के बूथ संख्या 212, 213 पर कतार में खड़े रामउग्रह साह ने कहा कि धूप धीरे-धीरे तीखी हो रही है। बावजूद यहां शेड की व्यवस्था नहीं है। शेड की व्यवस्था रहती तो मतदाताओं को सहूलियत होती। अभिमन्यु कुमार ने कहा कि मतदान की गति धीमी है। अपेक्षा के अनुरूप पोलिग पार्टी के कार्यों में गति नहीं आ पा रही है। बेलसंड विधानसभा तरियानी छपरा बूथ संख्या 225 पर तेज धूप में मतदाताओं की लंबी कतार लगी रही। मतदान की खुशी में नहीं हुआ धूप का अहसास : रिकी देवी, उर्मिला देवी, सरोज देवी, रानी देवी आदि तेज धूप में थाना रोड से होकर आदर्श मतदान केंद्र 185, 186 पर वोट डालने जा रही थी। सभी पसीने से तरबतर थी, लेकिन चेहरे पर उमंग दिखी। गोद में बच्चे को लेकर जा रही महिला ने कहा कि आज का दिन मतदान के नाम है। तेज धूप हमारे हौसले को डिगा नहीं सकता। इसी मतदान केंद्र पर वोट डालकर निकलती महिलाओं ने बताया कि धूप तो तेज रही, लेकिन मतदान की खुशी में धूप का अहसास ही नहीं हुआ।