पांच राज्यों के चुनाव परिणाम जनता का विवश अब कांग्रेस पर
विधानसभा चुनाव भले ही चार प्रदेशों में हुए हैं लेकिन पूरे देशवासियों की नजरें परिणाम पर टिकी थीं।
शिवहर। विधानसभा चुनाव भले ही चार प्रदेशों में हुए हैं लेकिन पूरे देशवासियों की नजरें परिणाम पर टिकी थीं। मंगलवार को हर कोई हर पल उक्त चुनाव के मतगणना के अपडेट तलाशते दिखे। ऐसे भी लोग कम नहीं थे जो टीवी से चिपके रहे। वहीं मोबाइल पर परिणाम खंगालने वाले भी कम नहीं थे। मध्यप्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, तेलंगाना एवं मिजोरम के विधानसभा चुनाव को 2019 के लोकसभा चुनाव का सेमीफाइनल करार दिया। परिणाम के बदलते रुझान के साथ लोगों के बोल भी बदलते चले गए। भाजपा की करारी शिकस्त एवं कांग्रेस की दमदार वापसी ने लोगों को सकते में डाल दिया। एनडीए खेमे में निराशा तो विपक्षी दलों के कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल दिखा।
प्रस्तुत हैं राजनयिकों की प्रतिक्रियाएं- शिवहर सांसद रमा देवी ने बताया कि चुनाव में जीत एवं हार एक स्वाभाविक प्रक्रिया है। जनता के जनादेश का हम सम्मान करते हैं। मध्यप्रदेश एवं राजस्थान में हमारी सरकार वर्षों से थी। राजस्थान में तो परंपरा रही है सरकार बदलने की। बावजूद एनडीए इस पर मंथन कर रही है। वहीं कहा कि विधानसभा चुनाव का आगामी लोस चुनाव पर प्रभाव नहीं पड़ेगा क्योंकि देश की जनता पीएम नरेंद्र मोदी को फिर से पीएम बनाने का मन चुकी है।
शिवहर विधायक मो. शरीफुद्दीन ने कहा कि यह चुनाव क्षेत्रीय था। दूसरे वहां 15 वर्षों से बीजेपी सत्तासीन थी। हार-जीत चुनाव के दो पहलू हैं। इसका 2019 के लोकसभा चुनाव पर असर नहीं पड़ेगा। पुन: पूर्ण बहुमत के साथ एनडीए केंद्र में सरकार बनाएगी। भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव कुमार पांडेय ने कहा कि लोकतंत्र में जनता का मत निर्णायक है जो हमें कबूल है। सच्चाई यह है कि विगत कई वर्षों में वहां हमारी सरकार थी जनता ने बदलाव किया। वहीं हमें अब विमर्श करना है कि चूक कहां रही। कभी को दूर करने एवं जनता का विश्वास प्राप्त करने का प्रयास जारी रहेगा। दमदार विपक्ष की भूमिका के साथ जनता की सेवा करेंगे। वहीं कहा कि यह अटल सत्य है कि पीएम के रूप में देश की पहली पसंद नरेंद्र भाई मोदी हैं। लोजपा जिलाध्यक्ष विजय कुमार पांडेय ने कहा कि जनता के निर्णय का हम सम्मान करते हैं। हमलोग एवीएम को कोसने वाले नहीं हैं। कांग्रेस अपने किए गए वादों को पूरा करें शुभकामना है। लेकिन किसी तरह का वहम न पाले। 2019 में केंद्र की सत्ता नरेंद्र मोदी को ही मिलेगी क्योंकि देश की जनता का उन पर अटूट विश्वास है। जदयू जिलाध्यक्ष राम एकबाल राय क्रांति ने कहा कि जनता सर्वोपरि है। जनादेश को हम स्वीकार करते हैं। पराजय की जिम्मेदारी लेते हुए एनडीए को आत्ममंथन करना होगा।वहीं भूल सुधारते हुए 2019 के महासमर की तैयारी प्रारंभ करनी होगी। भरोसा जताया कि केंद्र में एनडीए दुबारा सरकार बनाने में सफल होगी। राजद जिलाध्यक्ष सुमित कुमार वर्मा उर्फ दीपू वर्तमान ने कहा कि चुनाव में मिले जनादेश को देखते हुए पीएम मोदी को इस्तीफा दे देना चाहिए। जनता ने उनके झूठे वादों का सिला दिया है। कहा कि जनता ने संकेत दे दिया है कि 2019 में राहुल गांधी अगले पीएम होंगे।