एक्शन में आई प्रशासनिक टीम, रुकी बारात और टला बाल विवाह
शिवहर। शिवहर जिला प्रशासन की सक्रियता से रविवार को बाल विवाह टल गया।

शिवहर। शिवहर जिला प्रशासन की सक्रियता से रविवार को बाल विवाह टल गया। वहीं बारात रोक दी गई। प्रशासनिक टीम के एक्शन में आने के बाद 15 वर्षीया किशोरी का विवाह टल गया। इस दौरान वधू पक्ष की तैयारी धरी रह गई। बारातियों के लिए बनाया गया भोजन बर्बाद हो गया और गांव की इसकी चर्चा होने लगी। मामला शिवहर प्रखंड के मोहारी वार्ड 14 का है। यहां रविवार को शिवजी सिंह की पोती की शादी होने वाली थी। शिवहर प्रखंड क्षेत्र के ही माली पोखरभिडा गांव से बारात आनी थी। पंडाल से लेकर लाइट और साज-सज्जा तक हो चुकी थी। हलवाई मिठाई बना रहे थे। साउंड सिस्टम से गीत बज रहे थे। बारातियों के स्वागत की तैयारी थी। घर में मंगल गीत गूंज रहे थे। शिवजी सिंह के पुत्र और बहू की मौत हो चुकी है। इसलिए उन्होंने अपनी जिदगी में ही पोती के हाथ पीले करने की ठानी थी। लिहाजा, शादी तय कर दी। इसी बीच इसकी सूचना जिला प्रशासन तक पहुंची। डीएम के निर्देश पर शिवहर बीडीओ राकेश कुमार के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम मोहारी गांव पहुंची। जहां लड़की की उम्र की जांच की। वहीं लड़की के दादा को बाल विवाह अधिनियम की जानकारी दी। साथ ही बताया कि बाल विवाह कानूनन अपराध है। इसके लिए उन्हें सजा भी हो सकती है। बीडीओ ने लड़की के दादा के अलावा वर पक्ष के लोगों से भी बात की। वहीं दोनों पक्ष की सहमति से बाल विवाह टाल दिया। वहीं दोनों पक्ष ने उम्र पूरा होने पर शादी की सहमति दी। इसके बाद प्रशासनिक टीम लौट गई।
Edited By Jagran