हैवानियत की हद: चलती कार में लड़की से सामूहिक दुष्कर्म, बेहोश हो गई तो सड़क पर फेंका
बिहार के छपरा जिले में नाबालिग लड़की से कुछ युवकों ने चलती कार में सामूहिक दुष्कर्म किया। फिर बेहोश लड़की को सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए। पुलिस ने कार को बराद कर लिया है।
सारण, जेएनएन। जिले के भेल्दी में नाबालिग छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म मामले में पुलिस को अहम कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म में इस्तेमाल किए गए कार को बरामद कर लिया है। इसके साथ ही, पांच लोगों को हिरासत में लिया है। इन सबसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने बताया कि एक फोरेंसिक टीम बुलाई गई है जो बरामद कार की जांच करेगी।
सारण एसपी हर किशोर राय ने बताया कि पीड़ित लड़की की एक आरोपी के साथ पहले से जान-पहचान थी। इस मामले में लड़की के बयान पर पांच लोगों को आरोपी बनाया गया था। हालांकि, सभी नामजद आरोपी अभी भी फरार है।
मनचलों ने इंटर की छात्रा से चलती कार में किया था दुष्कर्म
कार सवार मनचलों ने शुक्रवार की दोपहर विद्यालय से प्रमाण पत्र लेकर घर लौट रही इंटर की छात्रा का अपहरण कर लिया। वारदात भेल्दी थाना क्षेत्र के झौंवापट्टी के पास हुई। बदमाशों ने चलती कार में उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म करने के बाद बेहोशी की हालत में उसे गड़खा थाना के बसंत गांव के समीप सड़क किनारे फेंक दिया।
देर रात ग्रामीणों की नजर बेहोश छात्रा पर पड़ी। उसे होश में लाया गया और परिजनों को सूचना दी गई। पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया है। एसपी ने मामले जांच के लिए एसआइटी का गठन किया है।
जानकारी के अनुसार, डेरनी थाना क्षेत्र के एक गांव की 17 वर्षीय किशोरी शुक्रवार को इंटर का मूल प्रमाण पत्र लेने विद्यालय गई थी। वहां से वह साइकिल से घर लौट रही थी। प्यास लगने पर झौंवा पट्टी स्थित प्राथमिक विद्यालय के समीप हैंडपंप से पानी पी रही थी।
इसी क्रम में एक आइ-10 कार वहां रुकी। उस पर पांच युवक सवार थे। उन लोगों ने जबरन उसे उठाकर कार में बैठा लिया और फरार हो गए। युवकों ने चलती कार में छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और उसे बेहोशी की हालत में गड़खा थाना के बसंत गांव के समीप सड़क किनारे कार से धकेलकर भाग गए।
छात्रा के सभी प्रमाणपत्र उसके पास ही पड़े मिले। रात करीब दो बजे उसके घर वालों को सूचना दी गई। परिजन वहां पहुंचे और घर ले गए। घर में उसने घटना की जानकारी दी। तब इसकी सूचना स्थानीय थाने को दी गई। मामले में भेल्दी थाने में पिपराडीह निवासी राणा प्रताप सिंह एवं चार अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
पुलिस ने सदर अस्पताल में पीड़िता की जांच कराई। इसमें सामूहिक दुष्कर्म की पुष्टि हुई।
एसपी हर किशोर राय ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर एक युवक को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि कार में कुल पांच लोग सवार थे। उनमें से तीन युवकों ने दुष्कर्म किया है।