कड़ी सुरक्षा के बीच आज होगा छठे चरण का मतदान
सारण। पंचायत आम निर्वाचन 2016 के छठे चरण का मतदान शनिवार यानी 14 मई को होगा। इसके लिए
सारण। पंचायत आम निर्वाचन 2016 के छठे चरण का मतदान शनिवार यानी 14 मई को होगा। इसके लिए सभी मतदान केन्द्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। छठे चरण में होने वाले मतदान को शांति पूर्ण सम्पन्न कराने के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
जिले के गड़खा व मकेर प्रखंड में 14 मई को होने वाले मतदान को लेकर प्रशासन द्वारा सभी तैयारी पूरी कर ली गई है। शुक्रवार को मतदान कर्मी बैलेट बाक्स लेकर अपने-अपने मतदान केन्द्रों के लिए रवाना हो गए। छठे चरण में मकेर प्रखंड के 08 एवं गड़खा प्रखंड के 23 पंचायतों में मतदान कराया जाएगा। इसके लिए मकेर प्रखंड में मतदान कराने के लिए कुल 127 मतदान केन्द्र बनाये गए हैं। जिसमें दस सहायक मतदान केन्द्र भी शामिल है। इसी प्रकार गड़खा प्रखंड में कुल 360 मतदान केन्द्र बनाये गए हैं। जिसमें 12 सहायक मतदान केन्द्र बनाया गया है। वहीं गड़खा प्रखंड में चार तथा मकेर में तीन चलंत मतदान केन्द्र भी बनाया गया है।
छठे चरण का चुनाव स्वच्छ, निष्पक्ष एवं भयमुक्त सम्पन्न कराने के लिए प्रशासन द्वारा सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान सम्पन्न कराया जाएगा। इसके लिए सभी मतदान केन्द्रों पर पर्याप्त संख्या में फोर्स की तैनाती की गई है। वरीय अधिकारी शुक्रवार से ही प्रखंडों का दौरा शुरू कर दिए हैं।
इनसेट-
मकेर में शाम चार बजे तक पड़ेंगे वोट
पंचायत आम निर्वाचन के तहत होने वाले पंचायत चुनाव शनिवार को जिले के मकेर एवं गड़खा प्रखंड में होगा। मकेर प्रखंड नक्सली क्षेत्र होने के कारण राज्य निर्वाचन आयोग ने इस प्रखंड में सुबह सात बजे से शाम चार बजे तक ही मतदान कराने का समय निर्धारित किया है। जबकि गड़खाप्रखंड के सभी मतदान केन्द्रों पर सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक मतदान कराया जाएगा। मकेर नक्सली क्षेत्र होने के कारण वहां विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है। मकेर प्रखंड में चुनाव को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी सह जिलाधिकारी दीपक आनंद ने वहां नियुक्त किए गए अधिकारियों को विशेष चौकसी बरतने का निर्देश दिया है।