भूमि विवाद में युवक की लाठी-डंडे से पीटकर हत्या
मुफस्सिल थाना क्षेत्र के खलपुरा गांव में भूमि विवाद को लेकर एक युवक की लाठी-डंडे से पीटकर हत्या कर दी गई। इस घटना में दो लोग जख्मी हो गए। मृतक स्व कुंज बिहारी राय का 45 वर्षीय पुत्र नंद किशोर राय था। गंभीर रूप से घायलों में उसके चाचा रविद्र राय एवं उनका 24 वर्षीय पुत्र रिपु कुमार राय शामिल हैं।
जासं, छपरा : मुफस्सिल थाना क्षेत्र के खलपुरा गांव में भूमि विवाद को लेकर एक युवक की लाठी-डंडे से पीटकर हत्या कर दी गई। इस घटना में दो लोग जख्मी हो गए। मृतक स्व कुंज बिहारी राय का 45 वर्षीय पुत्र नंद किशोर राय था। गंभीर रूप से घायलों में उसके चाचा रविद्र राय एवं उनका 24 वर्षीय पुत्र रिपु कुमार राय शामिल हैं।
घटना के संबंध में बताया जाता है कि नंद किशोर राय का गांव के कुछ लोगों से भूमि विवाद चल रहा था। इसको लेकर दूसरे पक्ष के लोगों ने हमला कर दिया। लाठी-डंडे से उसकी पिटाई करने लगे। बचाने के लिए चाचा और चचेरे भाई वहां पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट होने लगी। इस दौरान नंद किशोर की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर दोनो जख्मी को सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार चल रहा है। पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। इस मामले में रिपु राय के बयान पर गांव के 9 लोगों को नामजद किया गया है। जिसमें भूमि विवाद को लेकर लाठी डंडे से पीटकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया गया है।