युवाओं के प्रेरणास्रोत हैं महाराणा प्रताप: कुशवाहा
रालोसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि महाराणा प्रताप के आदर्शो को अपनाकर ही राष्ट्र की रक्षा संभव है।
फोटो 19 सीपीआर
-बोले युवा रालोसपा के जिलाध्यक्ष : युवाओं के लिए प्रेरणा का श्रोत है महाराणा प्रताप की जीवनी, इतिहास में गौण है उनकी शौर्य गाथा
बोले रालोसपा के जिलाध्यक्ष: इतिहासकारों की सोच ने भारतीय इतिहास से महाराणा प्रताप की गौरव गाथा को नदारद कर दिया
संवाद सूत्र,मशरक: जब भी राष्ट्र पर संकट आएगा। राष्ट्र किसी तरह के खतरे में होगा। देश का स्वाभिमान खतरे में होगा, उस समय महाराणा प्रताप का त्याग और बलिदान अमर ज्योति का कार्य करेगा। ऐसे राष्ट्रनायक की जीवनी पाठ्यक्रमों के माध्यम से प्रस्तुत करने की जरूरत है। ये बातें पूर्व केंद्रीय मंत्री व रालोसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने रविवार को कही। वे बहरौली में युवा रालोसपा की ओर से आयोजित महाराणा प्रताप की पुण्यतिथि समारोह में बोल रहे थे।
पूर्व मंत्री ने कहा कि भारत के नौजवानों के सामने महाराणा प्रताप जैसे राष्ट्रनायक की जीवनी प्रस्तुत न करने के कारण युवाओं में राष्ट्रभक्ति, स्वधर्म के प्रति आग्रह, देश समाज के लिए समर्पण के भाव का अभाव हुआ है। महाराणा प्रताप का जीवन हमें राष्ट्र-समाज के लिए त्याग और बलिदान की प्रेरणा देता है। उन्होंने महाराणा के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की।
युवा रालोसपा के जिलाध्यक्ष व आयोजक राजेश सिंह ने कहा कि युवाओं के प्रेरणास्रोत महाराणा प्रताप की शौर्यगाथा को इतिहासकारों ने गौण कर दिया है। उन्होंने मानव शृंखला को लेकर नीतीश सरकार पर कटाक्ष किया।
अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष अशोक कुशवाहा ने कहा कि आज मानसिंह के प्रतीक राजनीति के मान-मर्दन के लिए महाराणा प्रताप जैसा नायक चाहिए। ऐसे लोगों का सर्वनाश महाराणा प्रताप का जीवन दर्शन ही कर सकता है। उपस्थित लोगों में प्रदेश के संयुक्त सचिव शौकत अली, युवा अध्यक्ष राहुल सिंह, पूर्व महासचिव ओम विनोद सिंह कुशवाहा, राजबल प्रसाद, विजेन्द्र कुमार पप्पू, कमल प्रसाद सिंह मौजूद थे। इसके पूर्व मशरक महावीर मोड़ पर कुशवाहा का स्वागत कार्यकर्ताओं ने किया।