ठंड से चार दिनों में पांच लोगों की मौत
छपरा। पछुआ हवा के साथ तापमान में गिरावट के वजह से सारण जिला शीतलहर की चपेट में है। रविवार को दिन
छपरा। पछुआ हवा के साथ तापमान में गिरावट के वजह से सारण जिला शीतलहर की चपेट में है। रविवार को दिन भर घना कोहरा छाया रहा। जिले में पड़ रही हाड़ कंपाने वाली सर्दी ने पिछले तीन दिनों में पांच लोगों की जान ले ली है। रविवार को दरियापुर ,गड़खा एवं मशरक प्रखंड क्षेत्र में तीन लोगों की ठंड लगने से मौत होने की बात बताई गई है।
मिली जानकारी के अनुसार डेरनी थाना क्षेत्र के फुरसतपुर दर्जी टोला में शनिवार की रात ठंड लगने से एक अधेड़ की मौत हो गई। मृतक फुरसतपुर दर्जी टोला के लियाकत मियां का पुत्र वाजिद मियां बताया गया है। परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार 50 वर्षीय वाजिद मियां शनिवार की रात खाना खाकर सो गए थे। मध्य रात्रि में शौच के लिए बाहर निकले, इसी बीच उन्हे ठंड लग गई। लोग इलाज के लिए चिकित्सक पास ले जाने की तैयारी कर रहे थे। इसी बीच उनकी मौत हो गई। मौत की खबर सुनकर स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि अनिल कुमार मृतक के घर पहुंचे और मृतक के परिजनों को ढाढस दिलाया और आर्थिक सहायता दी।
उधर मशरक प्रखंड के मठिया गांव में ठंड लगने से छपरा कोर्ट में काम करने वाले अधिवक्ता लिपिक 55 वर्षीय शिवनाथ राय की मृत्यु हो गई मृतक शिवनाथ राय के पुत्र उमेश राय ने बताया कि सुबह में खेत में फसल देखने के लिए वे चंवर में गए थे। फसल देख कर घर लौटने के बाद उनकी तबियत बिगड़ गई। इलाज के लिए उन्हे अस्पताल में भर्ती कराया गया । जहां चिकित्सक ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
वहीं गड़खा प्रखंड के मीर्जापुर पंचायत अंतर्गत रतनपुरा बसंत गांव में एक व्यक्ति की मौत रविवार की सुबह हो गई। मृतक रतनपुरा गांव के 45 वर्षीय विरेंद्र महतो बताए गए हैं। उनके पुत्र विकास के अनुसार विरेंद्र महतो रविवार की सुबह खेत में काम करने गए थे। ठंड लगने पर जल्दी जल्दी घर पहुंचे। लेकिन घर आते ही वे बेहोश होकर गिर पड़े। लोग इलाज के लिए चिकित्सक के पास ले जाते इसके पूर्व ही उनकी मौत हो गई।
जबकि पानापुर प्रखंड के बसहियां गांव में बुधवार की रात 40 वर्षीय श्रीभगवान बैठा की मौत ठंड लगने से हो गई। मृतक श्रीभगवान के परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार की रात खाना खाने के बाद वे सोए गए थे। इसी बीच अत्यधिक ठंड लगने के बाद उनकी तबियत अचानक बिगड़ती चली गई। परिजन उपचार के लिए लेकर जा ही रहे थे कि रास्ते में उनकी मौत हो गई। वहीं भेल्दी थाना क्षेत्र के पैगा कलां गांव में शनिवार को एक किशोरी की मौत ठंडलगने से हो गई। मृतका पैगा कलां गांव के राजकुमार साह की 15 वर्षीया पुत्री रुबी कुमारी बताई गई है। मिली जानकारी के अनुसार रुबी कुमारी अपने घर से पैगा बाजार स्थित अपनी चाय की दुकान पर जा रही थी। इस दौरान उसे ठंड लग गई। ठंड लगने के कुछ ही समय बाद उसकी मौत हो गई। किशोरी की मौत के बाद उसके परिजनों के रोदन क्रंदन से घर में कोहराम मच गया ।