तरैया में किशोर की डूबने से मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने मुखिया पति को पीटा
गंडक नदी के सारण तटबंध के पूर्वी क्षेत्र चंचलिया गांव में पानी में डूबने से एक किशोर की मौत हो गई। मृतक रामलाल राय का 15 वर्षीय पुत्र रत्नेश्वर कुमार था। वह मध्य विद्यालय चंचलिया पूरब में आठवीं कक्षा का छात्र था। घटना के बाद सांत्वना देने पहुंचे मुखिया के पति की भीड़ ने पिटाई कर दी। आरोप लगाया कि स्लुइस गेट खोलवाए जाने के कारण पानी आने से यह हादसा हुआ है।
संसू, तरैया(सारण) : गंडक नदी के सारण तटबंध के पूर्वी क्षेत्र चंचलिया गांव में पानी में डूबने से एक किशोर की मौत हो गई। मृतक रामलाल राय का 15 वर्षीय पुत्र रत्नेश्वर कुमार था। वह मध्य विद्यालय चंचलिया पूरब में आठवीं कक्षा का छात्र था। घटना के बाद सांत्वना देने पहुंचे मुखिया के पति की भीड़ ने पिटाई कर दी। आरोप लगाया कि स्लुइस गेट खोलवाए जाने के कारण पानी आने से यह हादसा हुआ है।
स्वजनों ने बताया कि तीन-चार लड़कों के साथ रत्नेश्वर चंचलिया मस्जिद के पास पानी में नहा रहा था कि उसी पानी में अचानक डूब गया। आनन-फानन में ग्रामीण उसे पानी से निकाल कर रेफरल अस्पताल तरैया में लाए जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। रेफरल अस्पताल में स्वजनों के चित्कार से मातम पसर गया। मृतक की मां अनिता देवी बार-बार बेहोश हो जा रही थी। पिता दहाड़ मारकर रो रहे थे। छोटा भाई राजन कुमार का शव को पकड़ बिलख रहा था। सूचना मिलते ही चंचलिया मुखिया पति कृष्ण कुमार गुप्ता स्वजनों को सांत्वना देने तरैया रेफरल अस्पताल पहुंचे ही थे कि आक्रोशित ग्रामीणों ने यह कहते हुए पीटना शुरू कर दिया कि मुखिया पति के कारण ही बच्चा डूब कर मर गया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि रिग बांध का स्लुईस गेट खोलने की वजह से पानी भर गया है, जिसमें रत्नेश्वर की डूबने से मौत हो गई। मौके पर अपने दलबल के साथ थानाध्यक्ष राजेश कुमार मौजूद थे। पुलिस ने मुखिया पति को आक्रोशित भीड़ से बचाया। मुखिया पति को निजी अस्पताल में प्राथमिक उपचार कर चिकित्सकों ने छपरा रेफर कर दिया है। चंचलिया मुखिया सीमा कुमारी गुप्ता ने बताया कि हकीकत यह है कि स्लुइस गेट कही नहीं खोला गया है। उसको खोलने या बंद करने का अधिकार प्रशासन को होता है। राजनीति से प्रेरित हो कर ऐसी घटना का अंजाम दिया गया है।