युवक की गोली मारकर हत्या, तीन पर प्राथमिकी
मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के बखरी बुजुर्ग में शुक्रवार की शाम बकाया राशि हड़पने की नीयत से कतिपय लोगों ने एक युवक को उसके घर के बाहर ले जाकर सिर में गोली मारकर हत्या कर दी।
समस्तीपुर । मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के बखरी बुजुर्ग में शुक्रवार की शाम बकाया राशि हड़पने की नीयत से कतिपय लोगों ने एक युवक को उसके घर के बाहर ले जाकर सिर में गोली मारकर हत्या कर दी। वहीं उसके पास से अपाची बाइक एवं मोबाइल भी लूट ली। घटना की सुबह युवक का शव गांव स्थित अंधरी पोखर के पास से बरामद हुआ। मृतक की पहचान गांव के ही रामानंद राउत के छोटे पुत्र रत्नेश कुमार (18) के रूप में की गई है। मृतक के बड़े भाई मुकेश कुमार राउत के बयान पर एक प्राथमिकी दर्ज करायी गई है। इसमें मुसरीघरारी थाने के बथुआ बुजुर्ग निवासी एक ज्ञात एवं दो अज्ञात लोगों को अभियुक्त बनाया गया है। प्राथमिकी में कहा गया है कि आरोपी युवक ने पूर्व में मृतक से 30 हजार नकद कर्ज लिया था। उसे मांगने पर वह आनाकानी कर रहा था। कर्ज की राशि पचाने की नीयत से सुनियोजित तरीके से आरोपित तीनों युवक शुक्रवार की शाम करीब साढ़े आठ बजे रत्नेश के घर आए और साथ चलने को कहा। रत्नेश अपनी भाई की अपाची बाइक पर सवार होकर उसके साथ घर से निकल पड़ा। पर देर रात तक वह घर नहीं लौटा। शनिवार की सुबह उसका शव गांव स्थित अंधरी पोखर के पास से बरामद हुआ। हत्यारों ने उसके सिर में एक गोली मारी थी। उक्त युवक के पास से बाइक एवं मोबाइल भी लूटी गई थी। मुसरीघरारी थानाध्यक्ष परमानंद लाल कर्ण ने शव को कब्जे में लेकर उसका अंत्यपरीक्षण कराया, फिर उसके परिजनों को सौंप दिया। मृतक का शव उसके घर पर पहुंचते ही कोहराम मच गया। मृतक के परिजनों का रोते-रोते बुराहाल था।
वहीं इस हत्या की घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान गांव के ही रामानंद राउत के छोटे पुत्र रत्नेश कुमार (18) के रूप में की गई है। मृतक के बड़े भाई मुकेश कुमार राउत ने प्राथमिकी में कहा है कि कर्ज की 30 हजार की राशि को हड़पने की नीयत से ही उसकी हत्या हुयी है। मृतक के भाई मुकेश ने प्राथमिकी में एक हत्यारे की भी पहचान की है। इसे पुलिस ने अनुसंधान प्रभावित होने का हवाला देकर बताने से फिलहाल इनकार किया। लेकिन युवक की हत्या को कारण 30 हजार की बकाया राशि को हड़पना था और कुछ और, यह समझ से पऱे है। पुलिस कई बिन्दुओं पर घटना की तहकीकात में जुट गयी है। पुलिस ने दावा किया कि वह घटना के वास्तविक कारणों का शीघ्र पता लगा लेगी। फिर उस आधार पर आरोपियों की गिरफ्तार भी कर ली जायेगी। बहरहाल इस घटना को लेकर गावं में चर्चाओं का बाजार गर्म है। इधर, मृतक शव उसके घर पहुंचते ही कोहराम मच गया। मृतक के पिता रामानंद राउत, मां लक्ष्मी देवी, भाई मुकेश, राजेश, राकेश, अमरेश सब का रोते-रोते बुरा हाल था।